Hapur News: डकैती कांड में बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

Hapur News: उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर हुई डकैती में वांछित 50 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने दबोचा, 1.92 लाख रुपये, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।

Pulkit Sharma
Published on: 18 Jun 2026 10:17 PM IST
Big breakthrough in robbery scandal, 50 thousand reward bad guy arrested
X

डकैती कांड में बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Hapur News: जनपद के चर्चित उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर हुई सनसनीखेज डकैती कांड में हापुड़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना हापुड़ देहात पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से डकैती की वारदात से लूटी गई रकम में से 1 लाख 92 हजार रुपये, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के एक अन्य फरार सदस्य की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर डाली थी डकैती

गौरतलब है कि 1 जून 2026 को जनपद के प्रतिष्ठित उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर चार हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर करीब सवा किलो सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और बाइक लूट ली थी। इस वारदात ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हुए थे।

मुठभेड़ के बाद पांच बदमाश पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमें गठित की गई थीं। पिछले दिनों थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक और एसओजी टीम ने सुल्तानपुर रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए थे।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तार आरोपियों में यूपी पुलिस का निलंबित सिपाही विक्की गौतम भी शामिल था, जिसकी गिरफ्तारी ने पूरे मामले को और अधिक चर्चित बना दिया था।

करोड़ों के जेवर और लाखों की नकदी बरामद

पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से लूटे गए माल का बड़ा हिस्सा बरामद किया था। बरामदगी में शामिल हैं 24 लाख रुपये नकद,सवा किलो के करीब लूटे गए आभूषण,10 चांदी के सिक्के,चार अवैध तमंचे,बड़ी संख्या में कारतूस,लूटे गए मोबाइल फोन,वारदात में प्रयुक्त चोरी की बाइक,लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की थी।पुलिस की इस कार्रवाई को जिले की बड़ी उपलब्धियों में माना जा रहा है।

डीआईजी ने घोषित किया था 50-50 हजार रुपये का इनाम

डकैती कांड में शामिल दो आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहे थे। इनमें मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र स्थित लोधी वाली गली पीतल नगर निवासी मोहित और उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित महालक्ष्मी कॉलोनी निवासी श्याम शामिल थे।दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

ततारपुर गोलचक्कर से दबोचा गया इनामी बदमाश

सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डकैती कांड का वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ततारपुर गोलचक्कर के पास घेराबंदी कर 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोहित को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर डकैती में लूटी गई रकम में से 1.92 लाख रुपये बरामद किए गए। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी मिले हैं।

फरार आरोपी की तलाश में जारी है पुलिस का अभियान

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर इस चर्चित डकैती कांड का शत-प्रतिशत खुलासा कर दिया जाएगा।

Pulkit Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Pulkit Sharma

Next Story