TRENDING TAGS :
Hapur News: हापुड़ डकैती कांड: दो फरार बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम
Hapur News: दो करोड़ की डकैती के दो आरोपी अब भी फरार हैं। हापुड़ पुलिस ने तस्वीरें जारी कर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया, यूपी-उत्तराखंड में दबिश जारी।
हापुड़ डकैती कांड: दो फरार बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम (Photo- Newstrack)
Hapur News: जनपद के चर्चित दो करोड़ रुपये की डकैती कांड में फरार चल रहे दो बदमाशों की तलाश तेज हो गई है। हापुड़ पुलिस ने दोनों आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए लोगों से पहचान और सूचना देने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस की कई टीमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक दोनों आरोपी गिरफ्त से बाहर हैं।
एक जून की रात कारोबारी परिवार को बनाया था बंधक
गौरतलब है कि एक जून की रात नगर के प्रमुख उद्योगपति एवं व्यवसायी नरेंद्र अग्रवाल के घर में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया था। चार बदमाश घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर आतंकित कर दिया। इसके बाद बदमाश घर में रखे करीब सवा किलो सोने-चांदी के आभूषण, लाखों रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और बाइक लूटकर फरार हो गए थे।घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया।
मेरठ जोन और स्थानीय पुलिस की सात टीमें लगाई गईं
डकैती की वारदात के खुलासे के लिए मेरठ जोन की तीन विशेष टीमों के साथ स्थानीय पुलिस की चार टीमों को लगाया गया था। कुल सात टीमें लगातार विभिन्न जनपदों और राज्यों में आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया।
पुलिस मुठभेड़ में पांच आरोपी गिरफ्तार
रविवार रात सुल्तानपुर रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली थी। इस दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश पुलिस का निलंबित सिपाही विक्की गौतम भी शामिल है, जिसकी भूमिका सामने आने के बाद मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया।मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल भी हुए थे, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।
अभी भी फरार हैं दो शातिर बदमाश
पुलिस के अनुसार इस हाई-प्रोफाइल डकैती कांड में शामिल दो आरोपी अभी भी फरार हैं। इनमें उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित महालक्ष्मी कॉलोनी निवासी श्याम तथा मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र स्थित लोधी वाली गली, पीतल नगर निवासी मोहित शामिल हैं।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस द्वारा दोनों की तस्वीरें भी सार्वजनिक कर दी गई हैं ताकि आम जनता की मदद से उनकी पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सके।
यूपी-उत्तराखंड में अलर्ट, पुलिस का सूचना तंत्र सक्रिय
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों फरार आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस का मुखबिर तंत्र और खुफिया नेटवर्क भी सक्रिय कर दिया गया है। संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसपी बोले- जल्द सलाखों के पीछे होंगे फरार आरोपी
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि डकैती कांड में फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं। विभिन्न राज्यों में सूचना तंत्र को अलर्ट किया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को उम्मीद है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे गिरोह के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


