Hapur News: ढाबा संचालकों का आतंक: युवक को पीटा, VIDEO के बाद पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

Hapur News: हापुड़ में मामूली विवाद के बाद ढाबा संचालकों ने युवक के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Avnish Pal
Published on: 11 May 2026 4:11 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 स्थित एक बिरयानी ढाबे पर हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामूली विवाद के बाद ढाबा संचालकों द्वारा एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल CCTV फुटेज में युवक को हवा में उठाकर जमीन पर पटकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।बताया जा रहा है कि मामला थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के अठसैनी के पास स्थित एक बिरयानी ढाबे का है। यहां ग्राहक द्वारा दूसरे ढाबे के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया।

गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपने साथियों के साथ हाईवे किनारे स्थित ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान वाहन खड़ा करने को लेकर दो ढाबा संचालकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ढाबा संचालकों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।वायरल CCTV वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उस पर हमला करते रहे। इसी दौरान एक आरोपी युवक को उठाकर जोर से जमीन पर पटक देता है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

CCTV VIDEO वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कई ढाबों पर आए दिन दबंगई, मारपीट और ग्राहकों से अभद्रता की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई न होने के कारण संचालकों के हौसले बुलंद हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। हापुड़ पुलिस की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

खबर का असर: पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इसरार पुत्र रहीसुद्दीन निवासी मोहल्ला तारापुरी थाना ब्रह्मपुरी जनपद मेरठ तथा जफर अहमद पुत्र मुनकाद अली निवासी ग्राम अठसैनी थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सीओ गढ़मुक्तेश्वर ने क्या कहा?

क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया गया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यदि जांच में अन्य लोग भी शामिल पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वायरल VIDEO ने खोली हाईवे सुरक्षा की पोल

दिल्ली-लखनऊ हाईवे देश के सबसे व्यस्त मार्गों में गिना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में हाईवे किनारे स्थित ढाबों पर इस तरह की दबंगई यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।फिलहाल पुलिस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, वहीं वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियां बटोर रहा है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story