Hapur News: विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में विवाहिता के पिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज मांगने, प्रताड़ित करने और आग लगाकर नुकसान पहुंचाने के प्रयास का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी।

Avnish Pal
Published on: 27 July 2026 8:42 PM IST
dowry harassment, police investigation
X

विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच (Photo- Newstrack)

Hapur News: जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी विवाहिता बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसकी हत्या की नीयत से उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। किसी तरह विवाहिता ने शोर मचाकर अपनी जान बचाई और मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी। मामले में पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

शादी के कुछ माह बाद ही शुरू हो गई दहेज की मांग

सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी विजयपाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि करीब ढाई वर्ष पहले उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह गौतमबुद्धनगर जनपद निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। शादी के समय अपनी क्षमता के अनुसार दान-दहेज और घरेलू सामान भी दिया गया था।आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख रुपये नकद और एक चार पहिया वाहन की मांग शुरू कर दी। जब परिवार यह मांग पूरी नहीं कर सका तो विवाहिता के साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न का सिलसिला शुरू हो गया।

बेटी के जन्म के बाद और बढ़ गया उत्पीड़न

पीड़िता के पिता का आरोप है कि विवाहिता ने जब एक बेटी को जन्म दिया तो ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक क्रूर हो गया। आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी और दहेज की मांग पूरी करने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

'ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का किया प्रयास'

तहरीर के अनुसार, 18 जुलाई को ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर विवाहिता की हत्या की कोशिश की। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। आग की लपटों में घिरने के बावजूद विवाहिता ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।घटना के बाद उसने अपने मायके पक्ष को फोन कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ सुरक्षित घर ले आए। इसके बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में सीओ राहुल यादव ने बताया कि पीड़िता के पिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story