TRENDING TAGS :
Hapur News: मामूली विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के हाथ में लगे गोली के छर्रे
Hapur News: हापुड़ के भड़ंगपुर गांव में दुकान पर विवाद के बाद बाइक सवार युवकों ने फायरिंग की। युवक के हाथ में छर्रे लगे। पुलिस ने चार आरोपियों पर केस दर्ज कर तलाश शुरू की।
मामूली विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के हाथ में लगे गोली के छर्रे (Photo - Newstrack)
Hapur News: जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे दो युवकों का बाइक सवार चार युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक के हाथ में गोली के छर्रे लग गए और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दुकान पर सामान खरीदने पहुंचे थे विकास और सुमित
पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भड़ंगपुर निवासी विकास अपने साथी सुमित निवासी गांव शेखपुर के साथ गांव के ही बब्बू की दुकान पर सामान खरीदने गया था। दोनों दुकान पर खड़े होकर सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि दुकान पर पहुंचते ही चारों युवकों ने विकास और सुमित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर तमंचा निकालकर कर दी फायरिंग
विकास के अनुसार, जब उसने आरोपियों की गाली-गलौज का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। खुद को बचाने के लिए उसने आरोपियों की तरफ प्लास्टिक की बोतल फेंक दी। इससे नाराज होकर आरोपी लक्की ने तमंचा निकाल लिया और उसे जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे विकास के हाथ में जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई गोलीबारी से दुकान के आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
ग्रामीणों को आता देख धमकी देकर भागे आरोपी
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। आरोप है कि ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे और फायरिंग करते हुए दोनों बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने घायल युवक को उपचार के लिए पहुंचाया।
चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित विकास की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव भड़ंगपुर निवासी हर्ष और लक्की तथा गांव लुखराड़ा निवासी प्रिंस डबास और विनीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े तमंचे से फायरिंग की इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


