TRENDING TAGS :
Hapur News: दो ठिकानों पर छापेमारी, पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
Hapur News: पिलखुवा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो ठिकानों से पनीर के नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर गुणवत्ता के अनुसार कार्रवाई होगी।
दो ठिकानों पर छापेमारी, पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई (Photo- Newstrack)
Hapur News: त्योहारों और बढ़ती खाद्य खपत के बीच पनीर की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने पिलखुवा में गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा टीम ने पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए दो अलग-अलग स्थानों पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने पनीर के दो नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले कस्तला कासमाबाद स्थित पनीर निर्माण इकाई पर पहुंची। यहां तैयार किए जा रहे पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूना लिया गया। इसके बाद टीम ने पिलखुवा सब्जी मंडी स्थित पनीर भंडार पर पहुंचकर वहां से भी पनीर का नमूना संग्रहित किया।
रिपोर्ट खोलेगी पनीर की गुणवत्ता का राज
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि दोनों स्थानों से लिए गए पनीर के नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यह स्पष्ट होगा कि नमूने निर्धारित खाद्य गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग की जांच और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप
खाद्य सुरक्षा विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले दुकानदारों में भी हलचल देखने को मिली। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य किसी कारोबारी को परेशान करना नहीं, बल्कि बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह और आरपी गुप्ता समेत विभागीय टीम मौजूद रही। टीम ने दोनों स्थानों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत पनीर के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए भेजने की कार्रवाई पूरी की।
अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही नमूनों की गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में किसी प्रकार की मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि पिलखुवा में लिए गए दोनों पनीर के नमूने गुणवत्ता की कसौटी पर खरे उतरते हैं या नहीं।


