TRENDING TAGS :
Hapur News: गंगा दशहरा 2026: ब्रजघाट में 5 लाख श्रद्धालुओं की भीड़, डीएम-एसपी ने संभाली सुरक्षा कमान
Hapur News: गंगा दशहरा 2026 पर ब्रजघाट में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य स्नान किया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए डीएम और एसपी मौके पर मौजूद रहे।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर सोमवार को जनपद हापुड़ की गंगानगरी ब्रजघाट सहित देश के प्रथम गंगा ग्राम पुष्पावती पूठ और ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला स्थल लठीरा घाट पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से शुरू हुआ गंगा स्नान का क्रम देर शाम तक जारी रहा। अनुमानित रूप से तीनों घाटों पर पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
रविवार रात से ही शुरू हो गया था श्रद्धालुओं का आगमन
गंगा दशहरा पर्व को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालु रविवार रात से ही ब्रजघाट पहुंचने लगे थे। कई श्रद्धालु परिवारों के साथ तो कई धार्मिक जत्थों के रूप में गंगा तट पर पहुंचे।सोमवार तड़के चार बजे से ही घाटों पर स्नानार्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। सूर्योदय के साथ ही पूरा क्षेत्र "हर-हर गंगे" और "गंगा मैया की जय" के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया तथा मां गंगा से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
ब्रजघाट बना आस्था का केंद्र, घाटों पर रही भारी भीड़
गंगानगरी ब्रजघाट में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। मुख्य स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। घाटों के आसपास स्थित मंदिरों में भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने दीपदान और धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए।
पुष्पावती पूठ और लठीरा घाट पर भी उमड़ी भारी भीड़
देश के प्रथम गंगा ग्राम के रूप में प्रसिद्ध पुष्पावती पूठ तथा लठीरा घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। घाटों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
डीएम और एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
गंगा दशहरा मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह लगातार सक्रिय नजर आए। दोनों अधिकारियों ने ब्रजघाट सहित प्रमुख स्नान स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। वहीं एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ घाटों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल
पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस, पीएसी, महिला पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम तैनात रही। सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गईभीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी, जबकि यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट मोड पर रहीं।
दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का रहा विशेष महत्व
गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद गरीबों को अन्न, वस्त्र और धन का दान किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन गंगा स्नान और दान-पुण्य करने से दस प्रकार के पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते लाखों श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचे।
भक्ति और श्रद्धा के संग संपन्न हुआ गंगा दशहरा पर्व
गंगा दशहरा पर्व पर हापुड़ जनपद के ब्रजघाट, पुष्पावती पूठ और लठीरा घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर गंगा के प्रति लोगों की अटूट आस्था को प्रदर्शित किया। प्रशासन की मुस्तैदी और श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। दिनभर गूंजते रहे हर-हर गंगे के जयघोष ने गंगानगरी को पूर्णत भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।


