TRENDING TAGS :
Hapur News: गढ़ गंगा मेले में श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 350 अतिरिक्त बसें, यात्रा होगी सुगम और सरल
Hapur News: 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व पर उमड़ेगी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़, सोहराब गेट, गढ़, हापुड़ और बुलंदशहर डिपो से चलेंगी बसें, 15 बसें रिजर्व रहेंगी।
गढ़ गंगा मेले में श्रद्धालुओं के लिए चलेंगी 350 अतिरिक्त बसें, यात्रा होगी सुगम और सरल (Photo- Newstrack)
Hapur News: कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम तीन जनपदों के चार डिपो से 350 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। ये बसें 27 नवंबर तक मेला क्षेत्र और आसपास के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएंगी। इसके अलावा यात्रियों की अचानक बढ़ने वाली भीड़ और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए 15 बसों को रिजर्व में रखा गया है।
24 नवंबर को मुख्य स्नान, दिल्ली-एनसीआर से पहुंचेगी भारी भीड़
गढ़मुक्तेश्वर में गंगा किनारे आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले का मुख्य स्नान पर्व 24 नवंबर को है। इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ दिल्ली और एनसीआर से भी लाखों श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की संख्या में होने वाली बढ़ोतरी को देखते हुए परिवहन निगम ने पहले से ही बसों की व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। मुख्य स्नान के दिन यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे।
चार डिपो की बसों को सौंपी गई जिम्मेदारी
परिवहन निगम की योजना के अनुसार सोहराब गेट और गढ़ डिपो से 200 बसों का संचालन किया जाएगा। वहीं, हापुड़ डिपो की 100 बसें दिल्ली मार्ग पर श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा देंगी। इसके अतिरिक्त बुलंदशहर डिपो की 50 बसें अस्थायी बस अड्डे से होकर संचालित होंगी। इस तरह चार डिपो की कुल 350 बसें मेले के दौरान परिवहन व्यवस्था संभालेंगी।
27 नवंबर तक जारी रहेगा बसों का संचालन
परिवहन निगम की ओर से बसों के संचालन का चार्ट जारी कर दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे मेला अवधि के दौरान बसों के संचालन में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो। श्रद्धालुओं की संख्या और यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर बसों के फेरे बढ़ाने के साथ रिजर्व में रखी गई बसों को भी तत्काल सड़कों पर उतारा जाएगा।
एआरएम बोले, यात्रियों की जरूरत के अनुसार चलेंगी बसें
एआरएम हेमंत मिश्रा ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक मेरठ की ओर से जारी पत्र के अनुसार गढ़, सोहराब गेट, हापुड़ और बुलंदशहर डिपो की कुल 350 बसों को गंगा मेले के लिए चिह्नित किया गया है। इसके अतिरिक्त 15 बसें रिजर्व में रखी गई हैं। परिवहन निगम का प्रयास है कि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बसों के इंतजार में परेशान न होना पड़े। यात्रियों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार बसों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।


