Hapur News: गढ़ गंगा मेले में सुरक्षा अलर्ट, डीएम-एसपी ने पैदल किया निरीक्षण

Hapur News: कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले डीएम कविता मीणा और एसपी मधुबन कुमार ने मेला क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी।

Avnish Pal
Published on: 23 Nov 2026 9:04 PM IST
Hapur News: गढ़ गंगा मेले में सुरक्षा अलर्ट, डीएम-एसपी ने पैदल किया निरीक्षण
X

Hapur News: एक तरफ मां गंगा के जयकारों से गूंजते घाट, दूसरी तरफ रोशनी से जगमगाता विशाल मेला क्षेत्र और चारों ओर उमड़ता श्रद्धालुओं का आस्था का सैलाब। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गढ़ गंगा का ऐतिहासिक मेला अपने पूरे धार्मिक वैभव पर है। गंगा की लहरों में पुण्य की डुबकी लगाने के लिए दूर-दराज के जनपदों और राज्यों से श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है। ऐसे में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।इसी तैयारी के बीच जिलाधिकारी कविता मीणा और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार खुद मैदान में उतर आए। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्रांतर्गत विशाल मेला स्थल का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं को नजदीक से परखा और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आस्था के महासंगम में सुरक्षा की बड़ी चुनौती

गढ़ गंगा का कार्तिक पूर्णिमा मेला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है। कार्तिक पूर्णिमा पर यहां श्रद्धालुओं का ऐसा जनसैलाब उमड़ता है कि गंगा के घाटों से लेकर मेला क्षेत्र के रास्ते तक आस्था के रंग में रंग जाते हैं। श्रद्धालु गंगा स्नान, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान भीड़ का बढ़ता दबाव प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है।इसी को ध्यान में रखते हुए डीएम और एसपी ने पैदल भ्रमण कर मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।


श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि : डीएम कविता मीणा

जिलाधिकारी कविता मीणा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन का प्रयास है कि मेला शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो।

सुरक्षा व्यवस्था में नहीं बरती जाएगी लापरवाही : एसपी मधुबन कुमार

पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार ने कहा कि गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

सकुशल मेला संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता

डीएम कविता मीणा और एसपी मधुबन कुमार के पैदल निरीक्षण ने साफ कर दिया कि कार्तिक पूर्णिमा के इस विशाल धार्मिक आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। प्रशासन का प्रयास है कि मां गंगा के दर्शन और स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें और गढ़ गंगा का ऐतिहासिक मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story