TRENDING TAGS :
Hapur News: गोंदी गांव में मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी-सामान ले उड़े हैं
Hapur News: गोंदी गांव में किराना कारोबारी के मकान से बादाम, काजू, पिस्ता और नकदी चोरी हुई। चोर तीन गुल्लकों व बक्से में रखी वर्षों की बचत भी ले गए, पुलिस ने केस दर्ज किया।
गोंदी गांव में मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी-सामान ले उड़े हैं (Photo- Newstrack)
Hapur News: हापुड़ में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के पुलिस के दावों के बीच चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव गोंदी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये का किराने का कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली। चोर मकान के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और इत्मीनान से पूरे मकान को खंगाल डाला। इतना ही नहीं, चोर घर में रखी तीन मिट्टी की गुल्लकों और एक छोटे बक्से में वर्षों से जमा की गई नकदी भी समेटकर फरार हो गए। घटना का पता उस समय चला, जब किराना कारोबारी अपने पुत्र के साथ सामान लेने मकान पर पहुंचा। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
किराने का सामान लेने पहुंचे तो टूटा मिला मकान का ताला
ग्राम गोंदी निवासी चरन सिंह ने थाना हापुड़ देहात में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि वह अपने पुत्र के साथ किराने का कारोबार करते हैं। किराने का अतिरिक्त सामान गांव स्थित उनके मकान में रखा रहता है। वह प्रतिदिन मकान से जरूरत के अनुसार सामान निकालकर बिक्री के लिए ले जाते हैं। छह नवंबर को चरन सिंह अपने पुत्र के साथ मकान पर किराने का सामान लेने पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए।
बादाम, पिस्ता, काजू और इलायची तक समेट ले गए चोर
पीड़ित ने जब मकान के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि चोर वहां रखा बादाम, पिस्ता, काजू, लौंग, इलायची समेत अन्य किराने का सामान चोरी कर ले गए हैं। चोरों ने केवल कीमती किराने के सामान पर ही हाथ साफ नहीं किया, बल्कि मकान में रखी नकदी भी चोरी कर ली।
तीन मिट्टी की गुल्लकें तोड़कर वर्षों की जमा पूंजी भी ले गए
पीड़ित के मुताबिक, उसकी पत्नी ने कई वर्षों से रुपये जोड़कर तीन मिट्टी की गुल्लकों में जमा कर रखे थे। इसके अलावा एक छोटे बक्से में भी नकदी रखी हुई थी। शातिर चोर तीनों गुल्लकों में जमा रकम और बक्से में रखे रुपये भी चोरी कर ले गए। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई बचत और किराने का सामान गायब देखकर परिवार के लोग परेशान हो गए।
पुलिस बोली- जल्द गिरफ्तार होंगे चोर
थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित चरन सिंह की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोरी की वारदात का पर्दाफाश करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


