Hapur News: गोबर फेंकने के विवाद में युवक पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

Hapur News: हाफिजपुर के बड़ौदा सिहानी गांव में गोबर फेंकने के विवाद के बाद युवक पर लोहे की रॉड से हमला हुआ। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर तीन अन्य की तलाश तेज कर दी।

Avnish Pal
Published on: 25 July 2026 10:04 PM IST
Youth attacked over dung-throwing dispute
X

गोबर फेंकने के विवाद में युवक पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Hapur News: हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव बड़ौदा सिहानी में गोबर फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि डेयरी पर जबरन काम कराने का विरोध करने पर एक युवक पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, गांव बड़ौदा सिहानी निवासी बिलाल ने हाफिजपुर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 23 जुलाई की शाम करीब पांच बजे गांव का ही कामिल उनके घर पहुंचा। आरोप है कि वह उनके पिता खालिद और भाई आदिल को अपने साथ डेयरी पर ले गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली से गोबर फेंकने के लिए दबाव बनाने लगा। जब दोनों ने इसका विरोध किया तो कामिल गाली-गलौज करने लगा।

विरोध करने पर परिवार के अन्य लोगों को बुलाकर किया हमला

शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कामिल ने अपने भाई नसरत के साथ परिवार के हाजी कय्यूम और उसके बेटे अफजाल को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि चारों ने मिलकर बिलाल के भाई पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया।

पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, तीन की तलाश जारी

क्षेत्राधिकारी मुनीश चंद्र ने बताया कि युवक पर जानलेवा हमले के मामले में एक आरोपी अफजाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story