TRENDING TAGS :
Hapur News: पशु चोर गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट, चार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
Hapur News: हापुड़ में पशु चोरी के आरोप में चार आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Hapur News
Hapur News : नगर कोतवाली पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं में संलिप्त बताए जा रहे चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी संगठित गिरोह बनाकर पशुओं की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और इससे अवैध तरीके से धन अर्जित करते थे।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पशु चोरी से जुड़े गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही उनके गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनकी आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
राहुल बकरा बताया गया गैंग का लीडर
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि नगर कोतवाली पुलिस ने सदर कोतवाल मनीष चौहान की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें राहुल बकरा उर्फ पोला निवासी गांव खरकाली, जिला बुलंदशहर, संदीप निवासी मोहल्ला मंगोलपुरी बाहरी, हनुमान चौकी, दिल्ली, शमशुद्दीन फकीर उर्फ रमजान निवासी गांव परवानी, जिला सिद्धार्थनगर और सूजल लखन उर्फ लाखन निवासी मोहल्ला मंगोलपुरी बाहरी ए ब्लॉक, दिल्ली शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक राहुल बकरा उर्फ पोला को गिरोह का लीडर बताया गया है, जबकि संदीप, शमशुद्दीन और सूजल लखन उसके गिरोह के सदस्य बताए गए हैं।
पशु चोरी से कमाते थे अवैध धन
पुलिस का आरोप है कि चारों आरोपी एक संगठित गिरोह बनाकर पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए पशुओं के जरिए आरोपी आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के लिए तैयार रिपोर्ट में आरोपियों की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल होने की बात कही है।पुलिस के अनुसार गिरोह की गतिविधियों के कारण स्थानीय लोगों में रोष और भय का माहौल बना हुआ था। पुलिस का कहना है कि इसी वजह से कई लोग आरोपियों के खिलाफ शिकायत करने या उनके विरुद्ध गवाही देने से भी हिचकते थे।
गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस
गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज होने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनकी संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ उनके आपराधिक रिकॉर्ड और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पशु चोरी समेत संगठित अपराध में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


