Hapur News: बदनौली में पुरानी रंजिश पर बवाल, पथराव-फायरिंग के बाद 13 नामजद समेत 20 अज्ञात पर मुकदमा

Hapur News: हापुड़ के बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद पथराव और फायरिंग हुई। पुलिस ने 13 नामजद समेत 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई हैं।

Avnish Pal
Published on: 5 Sept 2026 8:14 AM IST
Hapur News: बदनौली में पुरानी रंजिश पर बवाल, पथराव-फायरिंग के बाद 13 नामजद समेत 20 अज्ञात पर मुकदमा
X

Hapur News

Hapur News: बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने शुक्रवार सुबह उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि पहले रास्ते में रोककर मारपीट की गई और इसके बाद पथराव व फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 13 नामजद आरोपियों और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं।

पीड़ित अंश के अनुसार, करीब तीन महीने पहले संदीप चौधरी के परिवार और सचिन के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में हापुड़ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़ित का आरोप है कि मामले में समझौता नहीं करने पर दूसरे पक्ष की ओर से लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।पुलिस ने इस पुराने मामले में आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया था। पीड़ित के मुताबिक, इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष में नाराजगी थी और शुक्रवार को विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया।

मजदूरी के लिए निकले थे भाई, रास्ते में रोकने का आरोप

पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 सितंबर की सुबह वह और उसका भाई आरव मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के टी-प्वाइंट पर शंकर की दुकान के पास प्रीत चौधरी और कपिल चौधरी ने दोनों भाइयों को रोक लिया।आरोप है कि दोनों ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर प्रीत और कपिल ने मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।पीड़ित के अनुसार, आरव को बचाने के लिए दीपक उर्फ गोलू, बंटी उर्फ विजय, मुनेश और अंकित मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।इसके बाद विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि मौके पर पथराव और फायरिंग की गई, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

13 नामजद, 15-20 अज्ञात के खिलाफ केस

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संदीप चौधरी, जिनेंद्र चौधरी, विपिन चौधरी, जगदीश चौधरी, सचिन, प्रीत चौधरी, संगम, पेरिस चौधरी, कलवा उर्फ भूपेंद्र, कपिल, संदीप की पत्नी, सचिन की पत्नी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 15 से 20 अज्ञात लोगों को भी मुकदमे में शामिल किया है।पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

आरोपियों की तलाश में पांच पुलिस टीमें सक्रिय

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बदनौली में हुए विवाद को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं। पुलिस टीमों को आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पथराव व फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story