Hapur News : हापुड़ में बैंक नौकरी के नाम पर 3.50 लाख की ठगी, सीएम दखल पर FIR दर्ज

Hapur News : हापुड़ में बैंक नौकरी के नाम पर 3.50 लाख की ठगी, शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद सीएम दखल से तीन आरोपियों पर FIR दर्ज।

Avnish Pal
Published on: 25 May 2026 10:23 AM IST
Hapur News : हापुड़ में बैंक नौकरी के नाम पर 3.50 लाख की ठगी, सीएम दखल पर FIR दर्ज
X

Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अटूटा निवासी एक युवक से कथित तौर पर 3.50 लाख रुपये की ठगी की गई। पीड़ित का आरोप है कि नौकरी का सपना दिखाकर रकम हड़प ली गई और जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने न केवल रकम लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर युवक ने मुख्यमंत्री कार्यालय से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नौकरी का सपना दिखाकर बनाया शिकार

पीड़ित निकिल के अनुसार उसके मामा का पुत्र राजू, जो मेरठ जिले के अमरपुर गांव का रहने वाला है, अपने साथी अनुज और एक युवती सलोनी के साथ कई बार उसके घर आया था। बातचीत के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि अनुज का संबंध बैंकिंग क्षेत्र से है और वह कैनरा बैंक में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि बैंक में चपरासी और बाबू के पदों पर भर्ती निकली हुई है और वह आसानी से नौकरी लगवा सकते हैं।शुरुआत में परिवार ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन आरोपियों ने बार-बार भरोसा दिलाया कि पांच लाख रुपये खर्च करने पर नौकरी पक्की हो जाएगी। परिवार को विश्वास में लेकर उन्होंने नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और धीरे-धीरे रुपये मांगने शुरू कर दिए।

अलग-अलग किस्तों में वसूले गए 3.50 लाख रुपये

रिपोर्ट के अनुसार 25 सितंबर 2024 से 1 नवंबर 2024 के बीच विभिन्न तिथियों में कुल 3.50 लाख रुपये आरोपियों के बैंक खातों में जमा कराए गए। युवक और उसके परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही नियुक्ति पत्र मिल जाएगा, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी कोई प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।जब पीड़ित ने नौकरी के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपित लगातार बहाने बनाते रहे। कभी भर्ती प्रक्रिया लंबित होने की बात कही गई तो कभी अन्य तकनीकी कारणों का हवाला दिया गया। धीरे-धीरे परिवार को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।

पैसे मांगने पर किया साफ इनकार

वहीं पीड़ित का आरोप है कि जून 2025 में आरोपियों ने साफ शब्दों में कह दिया कि न तो नौकरी लगाई जाएगी और न ही जमा कराई गई रकम वापस की जाएगी। इसके बाद परिवार पूरी तरह टूट गया। युवक का कहना है कि लाखों रुपये की ठगी का पता चलने के बाद उसकी मां गहरे सदमे में चली गई थीं। आर्थिक नुकसान और बेटे के भविष्य को लेकर चिंता ने उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला। कुछ समय बाद उनकी मृत्यु हो गई। पीड़ित का दावा है कि इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

रुपये वापस मांगने पर दी धमकी

पीड़ित के मुताबिक 14 सितंबर 2025 को तीनों आरोपित उसके गांव पहुंचे थे। इस दौरान उसने और उसके पिता ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस बात पर आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट का प्रयास किया गया तथा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद पीड़ित अपने पिता और बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों के साथ बाबूगढ़ थाने पहुंचा, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान युवक ने मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की मांग की। मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचने के बाद संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए बाबूगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस बैंक खातों के लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shalini Rai

Shalini Rai

News Publisher Mail ID - raishalini910@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story