Hapur News: हापुड़ में बाइक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, 10,500 रुपये का ई-चालान जारी

Hapur News: हापुड़ के राजाजी की हवेली के पास युवाओं की बाइक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 10,500 रुपये का ई-चालान।

Avnish Pal
Published on: 3 Nov 2026 3:50 PM IST
Hapur News: हापुड़ में बाइक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, 10,500 रुपये का ई-चालान जारी
X

Hapur News :- हापुड़ की सड़कों पर कुछ युवाओं के लिए यातायात नियमों की कोई अहमियत नहीं रह गई है। अपनी जान जोखिम में डालकर ही नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डालकर बाइक से खतरनाक स्टंट किए जा रहे हैं। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में राजाजी की हवेली के पास युवाओं की स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाना, अगले पहिये को हवा में उठाकर व्हीली मारना और सार्वजनिक सड़क पर करतब दिखाना अब लोगों के लिए खतरे की घंटी बनता जा रहा है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन स्टंटबाजों को इस बात की भी परवाह नहीं है कि सड़क पर उनके अलावा दूसरे वाहन चालक और राहगीर भी गुजरते हैं। अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ने या सामने से किसी वाहन के आने पर बड़ा हादसा हो सकता है। एक युवक के रोमांच और कुछ पलों की शोहरत की चाह किसी निर्दोष परिवार की खुशियां उजाड़ सकती है।

सड़क पर स्टंट, पीछे छूट रही सुरक्षा की चिंता

बाबूगढ़ क्षेत्र के राजाजी की हवेली के पास सामने आए वीडियो में युवक तेज रफ्तार से बाइक चलाते और व्हीली करते दिखाई दे रहे हैं। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह के करतब न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए खतरा हैं। स्टंटबाजी के दौरान बाइक अनियंत्रित होने पर आसपास से गुजर रहे वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।

स्थानीय स्तर पर ऐसे वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक कैसे लगेगी। पुलिस और यातायात विभाग के सामने ऐसे युवाओं की पहचान कर कार्रवाई करना बड़ी चुनौती है।

10,500 रुपये का ई-चालान, रेसिंग समेत तीन उल्लंघन दर्ज

यातायात नियमों के उल्लंघन पर विभाग की कार्रवाई का एक मामला भी सामने आया है। जारी ई-चालान नोटिस के अनुसार, वाहन संख्या GJ21DE6969 के खिलाफ दो नवंबर को कार्रवाई की गई। नोटिस में सार्वजनिक स्थान पर बिना लिखित अनुमति रेसिंग और स्पीड ट्रायल करने, निर्धारित यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।वाहन स्वामी मोहित खन्ना के नाम जारी नोटिस में कुल 10,500 रुपये का शमन शुल्क निर्धारित किया गया है। यह कार्रवाई दर्शाती है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर ई-चालान के माध्यम से भी शिकंजा कसा जा रहा है।

यातायात प्रभारी नरेश कुमार की दो टूक, स्टंटबाजों पर होगी कार्रवाई

यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि सड़क पर स्टंटबाजी और तेज रफ्तार से वाहन चलाकर दूसरों की जान खतरे में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक मार्गों पर खतरनाक करतब दिखाने वालों की निगरानी की जा रही है। वीडियो या अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहनों की पहचान कर नियमानुसार चालान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।

एक स्टंट की कीमत किसी की जिंदगी न बन जाए!

सड़क किसी की निजी स्टंटबाजी का मैदान नहीं है। यहां हर दिन हजारों लोग अपने काम से निकलते हैं और सुरक्षित घर लौटने की उम्मीद रखते हैं। ऐसे में चंद युवाओं की लापरवाही किसी राहगीर, बाइक सवार या परिवार के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। जरूरत सिर्फ चालान काटने की नहीं, बल्कि ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और स्टंटबाजों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की भी है। सवाल यही है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी?

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story