TRENDING TAGS :
Hapur News: ब्रजघाट हत्याकांड में 4 साल बाद फैसला, दोषी को उम्रकैद व 55 हजार रुपये जुर्माना
Hapur News: हापुड़ कोर्ट ने विश्वजीत पासवान को हत्या में आजीवन कारावास और साक्ष्य मिटाने में 5 साल कैद की सजा सुनाई, अक्टूबर 2022 में हुई थी नरेश की हत्या।
Hapur News :-ब्रजघाट में चाय की दुकान चलाने वाले नरेश की हत्या का आखिरकार करीब चार साल बाद कानूनी हिसाब हो गया। जिस हत्याकांड ने अक्टूबर 2022 में इलाके में सनसनी फैला दी थी, उसमें अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम हनी गोयल की अदालत ने विश्वजीत पासवान उर्फ दद्दू को हत्या के मामले में आजीवन कारावास और साक्ष्य मिटाने के अपराध में पांच साल के साधारण कारावास से दंडित किया है। अदालत ने दोषी पर कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
बेटी के घर गई थी पत्नी, लौटकर देखा तो स्कूल में पड़ा था पति का शव
यह मामला गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के ब्रजघाट का है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, नरेश अपनी पत्नी देवेंद्री के साथ ब्रजघाट स्थित श्री शक्ति पब्लिक स्कूल, गुरुद्वारा रोड पुरानी टंकी में रहकर साफ-सफाई का काम करते थे। वहीं नरेश कच्चा घाट पर छप्पर डालकर चाय की दुकान चलाते थे।एक अक्टूबर 2022 की शाम देवेंद्री अपनी बेटी मानवी की ससुराल गांवड़ी चली गई थीं। अगले दिन यानी दो अक्टूबर को जब वह वापस लौटीं तो उनके होश उड़ गए। उनके पति नरेश स्कूल में मृत अवस्था में पड़े मिले। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया था।
विवाद के बाद सिर पर भारी वस्तु से किया था वार
देवेंद्री ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि नरेश का देवरिया जिले के थाना पचलड़ी क्षेत्र के गांव कृतपुरा निवासी विश्वजीत पासवान उर्फ दद्दू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप था कि इसी विवाद के बाद विश्वजीत ने नरेश के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर उनकी हत्या कर दी थी।घटना के बाद गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की और केस अदालत पहुंचा।
चार साल तक चली सुनवाई, आखिरकार दोषी को मिली उम्रकैद
अपर जिला शासकीय अधिवक्ता नरेश चंद शर्मा के अनुसार, मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम हनी गोयल की अदालत में हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की गई। शनिवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने विश्वजीत पासवान उर्फ दद्दू को हत्या और साक्ष्य मिटाने के अपराध में दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
हत्या में उम्रकैद, साक्ष्य मिटाने में पांच साल की कैद
अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत हत्या के अपराध में दोषी को आजीवन कारावास और 50 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर छह महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।वहीं, धारा 201 के तहत साक्ष्य मिटाने के अपराध में पांच साल का साधारण कारावास और पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना जमा नहीं करने पर एक महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।इस तरह अदालत ने दोनों अपराधों में कुल 55 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। अक्टूबर 2022 में हुए इस हत्याकांड में करीब चार साल बाद आए फैसले ने न्यायिक प्रक्रिया को उसके अंजाम तक पहुंचा दिया।


