TRENDING TAGS :
Hapur: हापुड़ में बुलडोजर कार्रवाई पर भड़की सियासत, पीड़ित परिवार से मिले सपा विधायक अतुल प्रधान
Hapur News: हापुड़ के अमीपुर नगौला में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत गरमा गई। सपा विधायक अतुल प्रधान ने पीड़ित परिवार से मिलकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और आंदोलन की चेतावनी दी।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमीपुर नगौला में हुई बुलडोजर कार्रवाई अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है। शुक्रवार को मेरठ शहर से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान भारी समर्थकों के साथ गांव पहुंचे और सपा जिला उपाध्यक्ष अयूब सिद्दीकी के ध्वस्त मकान का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया।विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रशासन की कार्रवाई को “राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बुलडोजर एक्शन” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना पर्याप्त समय दिए पूरे मकान को जमींदोज कर दिया, जिससे परिवार का घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और पशुओं का चारा तक मलबे में दब गया।
“200 गज की पूरी इमारत मलबे में बदल दी”
अतुल प्रधान ने कहा कि करीब 200 गज में बनी पूरी इमारत को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। परिवार को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतनी जल्दबाजी में कार्रवाई क्यों की गई।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों और कमजोर लोगों को उजाड़ने का काम कर रही है। समाजवादी पार्टी हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और अन्याय के खिलाफ सड़क से लेकर विधानसभा और कोर्ट तक लड़ाई लड़ेगी।गांव में मौजूद ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच विधायक ने प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हापुड़ में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसी गरीब का मकान नहीं टूटने दिया जाएगा।इस दौरान उन्होंने हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना से फोन पर बात कर कार्रवाई पर नाराजगी जताई। विधायक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन को अपनी कार्रवाई का जवाब देना होगा।
“हाईकोर्ट के स्टे के बाद भी चलता रहा बुलडोजर”
सपा विधायक ने दावा किया कि सुबह करीब 10 बजे हाईकोर्ट से स्टे आदेश मिल चुका था, इसके बावजूद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण नहीं रोका। उन्होंने इसे अदालत की अवमानना बताते हुए कहा कि इस मुद्दे को कोर्ट में मजबूती से उठाया जाएगा।उन्होंने कहा कि अगर कोर्ट के आदेश के बाद भी बुलडोजर चलता रहा तो यह बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
डीएम कार्यालय पर बड़े प्रदर्शन की तैयारी
अतुल प्रधान ने ऐलान किया कि जल्द ही समाजवादी पार्टी जिलाधिकारी कार्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल भी जल्द हापुड़ पहुंचेगा और प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेगा।इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही और पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों में चर्चा बनी रही।बुलडोजर कार्रवाई के बाद गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन सतर्क नजर आया। ग्रामीणों में कार्रवाई को लेकर नाराजगी दिखाई दी, जबकि प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


