TRENDING TAGS :
Hapur News: शराबी पड़ोसी का घर में घुसकर तांडव, मां-बेटे पर बरसाए थप्पड़-मुक्के
Hapur News: हापुड़ के छज्जुपुरा इलाके में शराब के नशे में धुत एक पड़ोसी ने घर में घुसकर महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट की। आरोपी ने बेटी पर ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया और बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी।
Hapur News: हापुड़ में शराब के नशे में धुत एक पड़ोसी की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत होकर वह महिला के घर में घुस गया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मां को पिटता देख बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे को भी आरोपी ने निशाना बना लिया। इसी दौरान आरोपी ने महिला की बेटी पर ईंट फेंककर हमला कर दिया। ईंट लगने से बच्ची का पैर चोटिल हो गया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने परिवार के बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर दहशत फैला दी। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में घुसते ही शुरू कर दी गाली-गलौज और मारपीट
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, छज्जुपुरा निवासी अनीता ने बताया कि 17 नवंबर को वह अपने घर में घरेलू कामकाज कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला राकी शराब के नशे में धुत होकर उनके घर में घुस आया। आरोप है कि घर में आते ही उसने बिना किसी वजह गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी।आरोप है कि महिला के साथ मारपीट होते देख उसका बड़ा बेटा बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया। घर में अचानक हुए इस हंगामे से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान आरोपी ने महिला की बेटी को भी निशाना बनाया और उस पर ईंट फेंककर हमला कर दिया। ईंट सीधे बच्ची के दाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गई।
बच्चों को जान से मारने की धमकी, परिवार में दहशत
पीड़िता के मुताबिक, मारपीट और हमले के बाद आरोपी ने परिवार के बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी की इन हरकतों से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़िता ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी राकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


