TRENDING TAGS :
Hapur News: हापुड़ के बदनौली गांव में रंजिश में युवक पर सरियों से हमला, हालत नाजुक
Hapur News : हापुड़ के बदनौली गांव में पुरानी रंजिश में युवक पर सरियों और लाठी-डंडों से हमला, हालत गंभीर, पुलिस ने केस दर्ज किया।
Hapur News:-जनपद की नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बदनौली में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खतरनाक रूप ले लिया। गांव के ही दबंग युवकों ने मिलकर एक युवक को दिनदहाड़े रास्ते में घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों व लोहे की सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
घात लगाकर किया गया हमला, बचने का नहीं मिला मौका
पीड़िता मुनाजरा ने कोतवाली में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि 10 अप्रैल को उनका पुत्र कादिर गांव के आम रास्ते से होकर गुजर रहा था। जैसे ही वह ओमवीर जाट के मकान के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया।बताया गया कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनके हाथों में लाठी-डंडों के साथ लोहे की सरियां भी थीं। अचानक हुए इस हमले से कादिर को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
ताबड़तोड़ वार, लहूलुहान होकर जमीन पर गिरा युवक
आरोपियों – मनीष शर्मा, गौतम शर्मा, आशीष, शिवम, दीपांशु, तरुण शर्मा और बंटी शर्मा ने पुरानी रंजिश के चलते कादिर पर टूट पड़े।हमलावरों ने उस पर लगातार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी उसे तब तक पीटते रहे जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों के पहुंचते ही धमकी देकर फरार हुए आरोपी
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो चुके थे।ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर दस्तोई रोड स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा कादिर
डॉक्टरों के मुताबिक कादिर के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं, खासकर सिर और शरीर के ऊपरी हिस्से में गहरे घाव हैं। उसकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई है और उसे निगरानी में रखा गया है।परिजन अस्पताल में डरे-सहमे बैठे हैं और आरोपी पक्ष से खतरे की आशंका जता रहे हैं।
पहले भी हो चुका है हमला, नहीं हुई सख्त कार्रवाई
पीड़िता मुनाजरा ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी आरोपियों ने उनके दूसरे पुत्र दिलशाद के साथ मारपीट की थी।उस मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत भी की गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। अब उसी का नतीजा यह जानलेवा हमला है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


