Hapur News: हापुड़ में युवक पर चाकू से हमला, मेरठ अस्पताल में गंभीर हालत में दीपांशु

Hapur News : हापुड़ में युवक पर जानलेवा चाकू हमला, मेरठ अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा दीपांशु, आरोपियों की तलाश जारी।

Avnish Pal
Published on: 7 Jun 2026 9:34 AM IST
Hapur News:  हापुड़ में युवक पर चाकू से हमला, मेरठ अस्पताल में गंभीर हालत में दीपांशु
X

Hapur Deepanshu Sharma News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिम्भावली थाना क्षेत्र के बक्सर कस्बे में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि पांच जून की रात कुछ युवकों ने रास्ते में घेरकर दीपांशु शर्मा उर्फ पाशु पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके चेहरे, सीने और सिर पर कई वार किए और उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके दो बड़े ऑपरेशन किए जा चुके हैं।इसके बावजूद उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी उसे पूरी तरह होश नहीं आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दो नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

घर लौटते समय रास्ते में घेरा

पीड़ित के भाई गुरजीत शर्मा के अनुसार दीपांशु पांच जून की रात किसी काम से बाजार गया था। रात करीब दस बजे वह अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अरमान और फैजान ने अपने चार-पांच साथियों के साथ उसे रोक लिया।पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर अचानक चाकुओं से हमला बोल दिया गया।

आरोपियों ने दीपांशु के सीने, चेहरे और सिर को निशाना बनाकर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दीपांशु ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और दोबारा हमला कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण वह सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर उसे मृत समझकर मौके से भाग निकले। आसपास के लोगों ने घायल युवक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

मेरठ में दो बड़े ऑपरेशन

स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के निजी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसके दो ऑपरेशन किए हैं।परिजनों का कहना है कि शरीर पर गहरे घाव होने के कारण डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं। हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और परिवार के लोग अस्पताल में उसके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

एक सप्ताह पुराना विवाद बना हमले की वजह?

पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान दीपांशु ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया था। बताया जा रहा है कि उसी घटना के बाद कुछ लोगों ने उससे रंजिश पाल ली थी।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हमले की प्रमुख वजह प्रतीत हो रही है। हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

घटना के बाद हिंदू संगठनों में रोष

युवक पर हुए जानलेवा हमले की खबर फैलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों में नाराजगी देखने को मिली। संगठन से जुड़े लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। हालांकि प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि मामले की गंभीरता को शुरुआत में पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

वही इस बाबत जानकारी देते हुए सिम्भावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि, युवक पर हमला किए जाने के मामले में दो नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story