Hapur News : हापुड़ में ढाबा संचालक की दबंगई, युवक को उठाकर जमीन पर पटका, CCTV वायरल

Hapur News : हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर ढाबा संचालक ने युवक को उठाकर जमीन पर पटका, CCTV वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू।

Avnish Pal
Published on: 11 May 2026 11:05 AM IST
Hapur News : हापुड़ में ढाबा संचालक की दबंगई, युवक को उठाकर जमीन पर पटका, CCTV वायरल
X

Hapur News: जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर स्थित एक बिरयानी ढाबे पर दबंगई का मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद ढाबा संचालक और उसके साथियों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट कर दी। आरोप है कि ढाबा संचालक ने युवक को हवा में उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

खाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी, फिर शुरू हुई मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना थाना गढ़ कोतवाली क्षेत्र में अठसैनी के पास स्थित एक बिरयानी ढाबे की बताई जा रही है। जहां युवक अपने कुछ साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी ढाबा संचालक से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ढाबा संचालक और वहां मौजूद अन्य लोगों ने युवक को घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान ढाबा संचालक ने युवक को उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

CCTV वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे कई ढाबों पर आए दिन मारपीट और दबंगई की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के कारण संचालकों के हौसले बुलंद हैं।घटना में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

वहीं इस मामले में क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।सीओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कराई जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story