Hapur News: गाड़ी मांगने पर सड़क बनी अखाड़ा, दो परिवारों में जमकर मारपीट

Hapur News: हापुड़ के धनौरा गांव में गाड़ी मांगने को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में सड़क पर जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Avnish Pal
Published on: 18 Nov 2026 2:23 PM IST
Hapur News: गाड़ी मांगने पर सड़क बनी अखाड़ा, दो परिवारों में जमकर मारपीट
X

Hapur News

Hapur News: गाड़ी मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। थाना देहात क्षेत्र के गांव धनौरा में दोनों पक्षों के लोग सड़क पर ही आमने-सामने आ गए। पहले जमकर कहासुनी और गाली-गलौज हुई, फिर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई लोग चोटिल हो गए। आरोप है कि मारपीट के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गाड़ी मांगने को लेकर शुरू हुई थी कहासुनी

थाना देहात प्रभारी पारस मलिक के अनुसार, घटना 15 नवंबर की शाम करीब पौने सात बजे गांव धनौरा में हुई। गांव निवासी मोहित, योगेश और निशा का गाड़ी मांगने को लेकर ललित, प्रशांत और पीतांबरी से विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और लोग एक-दूसरे के सामने आकर भिड़ गए। सड़क पर ही दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।

पुलिस ने छह लोगों पर दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद 17 नवंबर को उपनिरीक्षक गोधन लाल ने मामले की जानकारी जुटाकर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मोहित, योगेश, निशा, ललित, प्रशांत और पीतांबरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story