TRENDING TAGS :
Hapur News: दिव्यांग पर सुए से ताबड़तोड़ वार, हत्या की कोशिश से मचा हड़कंप
Hapur News: हापुड़ के देहलीगेट क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक पर बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सुए से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शान मोहम्मद ने पहले विवाद किया और करीब दो घंटे बाद घर के बाहर कुर्सी पर बैठे चांद पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ में दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दिव्यांग युवक को निशाना बनाकर उस पर बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सुए से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। हमलावर ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए झगड़ा किया और फिर करीब दो घंटे बाद दोबारा पहुंचकर उस समय जानलेवा हमला कर दिया, जब वह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठा था। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह था पूरा घटनाक्रम
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, देहलीगेट निवासी रिजवान ने बताया कि उसका भाई चांद करीब छह महीने पहले छत से गिरकर घायल हो गया था। हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई थी। ऑपरेशन के दौरान पैर में रॉड डाली गई थी। इसके बाद से ही वह दिव्यांग है और ठीक से चलने-फिरने में असमर्थ हैआरोप है कि 15 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे चांद अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान मोहल्ले का ही शान मोहम्मद वहां पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। शोर-शराबा होने पर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन आरोपी के मन में रंजिश बनी रही।
दो घंटे बाद लौटकर किया जानलेवा हमला
आरोप है कि रात करीब साढ़े 11 बजे शान मोहम्मद दोबारा मौके पर पहुंचा। उस समय चांद घर के बाहर ही बैठा हुआ था। आरोपित ने बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सुए से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से चांद लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल चांद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
भाई के उपचार में व्यस्त रहा परिवार, दो दिन बाद दी तहरीर
रिजवान के मुताबिक, पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। हमले के बाद परिवार के लोग चांद के उपचार में व्यस्त हो गए थे, जिसके चलते तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं दी जा सकी। इसके बाद 17 नवंबर को रिजवान ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शान मोहम्मद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


