Hapur News: लापरवाही बनी जानलेवा, डबल डेकर बस में युवक का हाथ कैंटर से टकराकर कटा

Hapur News: हापुड़ में चलती डबल डेकर बस की खिड़की से हाथ बाहर निकालना युवक को भारी पड़ा, कैंटर की टक्कर से हाथ कटकर अलग हो गया।

Avnish Pal
Published on: 27 July 2026 9:30 PM IST
Hapur News: लापरवाही बनी जानलेवा, डबल डेकर बस में युवक का हाथ कैंटर से टकराकर कटा
X

Hapur Ganga Expressway Accident News

Hapur News: हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने यात्रियों को झकझोर कर रख दिया। गढ़-स्याना रोड पर गंगा एक्सप्रेसवे के कट के पास स्थित गांव बहापुर ठेरा के निकट चलती डबल डेकर बस में सफर कर रहे एक युवक का हाथ खिड़की से बाहर निकला हुआ था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक कैंटर की बस से साइड लग गई और युवक का हाथ कैंटर की चपेट में आ गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का हाथ शरीर से कटकर सड़क पर जा गिरा।घटना के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने तत्काल बस रोकी और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से गढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

मेरठ के बाद दिल्ली किया गया रेफर

प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने युवक की हालत बेहद गंभीर देखते हुए उसे पहले मेरठ के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया। वहां से भी हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया। चिकित्सक युवक को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

मुस्तफाबाद का रहने वाला बताया जा रहा युवक

पुलिस के अनुसार घायल युवक दिल्ली के मुस्तफाबाद क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वह डबल डेकर बस से यात्रा कर रहा था। यात्रा के दौरान उसने लापरवाहीवश अपना हाथ बस की खिड़की से बाहर निकाल रखा था। इसी बीच सामने से आ रहे कैंटर की बस से साइड लग गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया। फिलहाल युवक की विस्तृत पहचान और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

कटा हुआ हाथ कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने सड़क पर पड़े कटे हुए हाथ को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है। पुलिस बस चालक, कैंटर चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।

सीओ राहुल यादव ने क्या कहा?

क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर किया गया है। घटनास्थल से कटे हुए हाथ को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। युवक की पूरी पहचान और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

चलती बस में यह गलती पड़ सकती है जानलेवा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चलती बस या किसी भी वाहन की खिड़की से हाथ या शरीर का कोई हिस्सा बाहर निकालना बेहद खतरनाक हो सकता है। सामने से आने वाले वाहन, बिजली के पोल, पेड़ या अन्य अवरोध किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story