TRENDING TAGS :
Hapur News: दहेज में कार और पांच लाख की मांग, विवाहिता से मारपीट का आरोप
Hapur News: हापुड़ में विवाहिता ने दहेज में कार और पांच लाख रुपये मांगने, मारपीट व देवर पर अनुचित संबंध का दबाव बनाने का आरोप लगाया।
Hapur News
Hapur News :-थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित एक मोहल्ले में विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति समेत ससुराल के लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में कार और पांच लाख रुपये की मांग करते आ रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। महिला ने अपने देवर पर भी घर में अकेला पाकर जबरन अनुचित संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद से शुरू हुआ दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार महिला की शादी 11 मई 2011 को गढ़ रोड क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। महिला का कहना है कि शादी में उसके मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।महिला के अनुसार पति, सास, ससुर, देवर और ननद उस पर मायके से कार और पांच लाख रुपये अतिरिक्त लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। महिला के तीन बच्चे भी हैं, जिनमें दो पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं।
देवर पर लगाया गंभीर आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि जब वह घर में अकेली होती थी, तब उसका देवर उस पर जबरन अनुचित संबंध बनाने का दबाव बनाता था। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था। इस कारण वह काफी समय से मानसिक तनाव में थी।
12 जुलाई की रात फिर हुई मारपीट
तहरीर के मुताबिक 12 जुलाई 2026 की रात करीब आठ बजे दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के साथ मारपीट की। घटना के बाद महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।
पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा
महिला की शिकायत के आधार पर थाना देहात पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपों की जांच करने के साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है।सीओ अनीता चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


