TRENDING TAGS :
Hapur News : हापुड़ में विवाहिता से मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, पति समेत 9 पर मुकदमा दर्ज
Hapur News: हापुड़ में विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया, पति समेत 9 लोगों पर मुकदमा दर्ज।
Hapur News
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, दुष्कर्म के प्रयास और जान से मारने की धमकी जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने उसके पति समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के समय ही शुरू हो गया था विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत में नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 13 मई 2019 को बुलंदशहर जिले के थाना गुलावठी क्षेत्र के एक गांव निवासी सचिन कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के दौरान ही ससुराल पक्ष ने 50 लाख रुपये और एक कार की मांग को लेकर विवाद किया था। हालांकि बाद में समझौते के बाद शादी संपन्न हुई, जिसमें लड़की पक्ष ने करीब 35 लाख रुपये खर्च किए।
शादी के बाद बढ़ता गया उत्पीड़न
विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति सचिन कुमार, ससुर लखपत सिंह, सास सरोजबाला उर्फ सुरेश बाला, देवर विकास व अश्वनी उर्फ गोलू, ननद रेनू व प्रिया, ननदोई निरंकार और रिश्तेदार प्रिंस लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते रहे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौच और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की जाती रही।
गर्भावस्था में घर से निकाला
पीड़िता के अनुसार, 6 जुलाई 2020 को आरोपितों ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और गर्भवती होने के बावजूद घर से निकाल दिया। इसके बाद 14 फरवरी 2021 को उसने मेरठ के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया, जिसका पूरा खर्च उसे खुद उठाना पड़ा।इतना ही नहीं, आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष ने उसे अपमानित किया और यहां तक कि बच्चे की वैधता पर भी सवाल उठाए।
50 लाख और प्लॉट की मांग
विवाहिता का कहना है कि जून 2021 में आरोपी उसके मायके पहुंचे और प्लॉट अपने नाम कराने या 50 लाख रुपये और कार देने की मांग की। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कई बार पंचायत और समझौते के प्रयास हुए, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
मामले में सबसे गंभीर आरोप 5 जनवरी 2026 का है, जब पीड़िता ने देवर अश्वनी उर्फ गोलू पर कमरे में घुसकर छेड़छाड़ और जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर अन्य आरोपितों ने उसे ही धमकाया और चुप रहने का दबाव बनाया।
दोबारा मारपीट कर घर से निकाला
पीड़िता के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को एक बार फिर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उसने 9 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत नौ आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


