Hapur News: हापुड़ में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के प्रयास का आरोप, 6 पर मुकदमा दर्ज

Hapur News: हापुड़ में दहेज में 5 लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट व हत्या के प्रयास का आरोप, 6 पर FIR

Avnish Pal
Published on: 6 Jun 2026 2:09 PM IST
Hapur News: हापुड़ में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या के प्रयास का आरोप, 6 पर मुकदमा दर्ज
X

Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये और एक कार की मांग पूरी न होने पर दो सगी बहनों के साथ मारपीट, गला दबाकर हत्या के प्रयास और जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप सामने आया है। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति, सास-ससुर, देवर, ननद और नंदोई समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक ही परिवार के दो भाइयों से हुई थी शादी

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव फतेहपुर मतनौरा निवासी पूजा ने महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि उसकी और उसकी बहन राशि की शादी 1 मार्च 2025 को मेरठ जनपद के थाना दौराला क्षेत्र स्थित गांव बहादुरगढ़, शाहपुर पीरपुर सकौती निवासी सगे भाइयों आदित्य और शुभम के साथ हुई थी।परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि पति आदित्य, ससुर दलबीर सिंह उर्फ मस्ते, सास शीला, देवर शुभम, ननद कामना और नंदोई शुभम लगातार पांच लाख रुपये नकद और एक बलेनो कार लाने का दबाव बना रहे थे।

दहेज न मिलने पर तलाक की धमकी

पीड़िता का आरोप है कि 5 मार्च 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि पांच लाख रुपये और कार नहीं दी गई तो पति आदित्य को तलाक दिलाकर उसकी दूसरी शादी करा दी जाएगी। जब उसने और उसकी बहन ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।पीड़िता ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने के कारण पति ने परिवार न्यायालय मेरठ में तलाक का मुकदमा भी दायर कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप

रिपोर्ट में कहा गया है कि एक दिन विवाद के दौरान पति आदित्य ने दुपट्टे से पूजा का गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। इसी दौरान ससुर दलबीर सिंह उर्फ मस्ते ने उसके बाल पकड़ लिए और अन्य परिजनों ने भी मारपीट की।पीड़िता का आरोप है कि उसकी बहन राशि को भी नहीं बख्शा गया। देवर शुभम ने उसे जमीन पर गिराकर उसकी छाती पर कई घूंसे मारे, जबकि सास शीला ने उसका गला दबाने का प्रयास किया।

डीजल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश

मामले में सबसे गंभीर आरोप ननद कामना पर लगाया गया है।शिकायत के अनुसार ननद ने दोनों बहनों के ऊपर डीजल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। किसी तरह दोनों महिलाओं ने अपनी जान बचाई और बाद में पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। महिलाओं का आरोप है कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।

महिला थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

महिला थाना प्रभारी अरुणा राय का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story