Hapur News: हापुड़ में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार

Hapur News: हापुड़ में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर 10 लाख रुपये और कार की दहेज मांग, मारपीट और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Avnish Pal
Published on: 30 May 2026 8:09 PM IST
Hapur News: हापुड़ में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार
X

Hapur News

Hapur News: हापुड़ जनपद में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने, बेरहमी से मारपीट करने तथा तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

शादी में खर्च किए थे लाखों रुपये, फिर भी बढ़ती गई दहेज की मांग

हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अब्दुल्लापुर मोड़ी निवासी सहवीजा ने एसपी कार्यालय में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसका विवाह 6 अगस्त 2021 को बुलंदशहर जनपद के थाना गुलावठी क्षेत्र स्थित ग्राम मखदूमनगर उर्फ मीठापुर निवासी युवक के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।पीड़िता का आरोप है कि शादी में उसके परिजनों ने अपनी आर्थिक क्षमता से बढ़कर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे और घरेलू सामान सहित अन्य उपहार भी दिए थे। इसके बावजूद विवाह के कुछ समय बाद ही पति, सास, ननद और देवर ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।

10 लाख रुपये नकद और कार की मांग को लेकर बनाया दबाव

पीड़िता के अनुसार ससुराल पक्ष लगातार उससे और उसके मायके वालों से 10 लाख रुपये नकद तथा एक कार की मांग करता रहा। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और कई बार उसके साथ मारपीट की गई।उसने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर उसे ताने दिए जाते थे और घर में अपमानित किया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था।

अमीर परिवार में कराएंगे दूसरी शादी' कहकर दी धमकी

शिकायत में विवाहिता ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों की कुछ भूमि प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित किए जाने के बाद उन्हें बड़ी धनराशि प्राप्त हुई। इसके बाद उनका व्यवहार और अधिक बदल गया।आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे बार-बार धमकी देते थे कि उसके पति का निकाह किसी अमीर परिवार की लड़की से कर देंगे, जिससे उन्हें और अधिक दहेज मिल सके। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद होता रहा।पीड़िता ने बताया कि उसका एक वर्ष का पुत्र भी है। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने उसके साथ किसी प्रकार की सहानुभूति नहीं दिखाई।आरोप है कि 27 मई की देर शाम पति, सास, ननद और देवर ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज की और फिर बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में उसे चोटें आईं और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।

तीन तलाक देकर घर से निकाला, इंसाफ की गुहार

विवाहिता का आरोप है कि मारपीट के दौरान ही उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया और उसके बाद उसे घर में रहने से मना कर दिया। खुद को असहाय बताते हुए पीड़िता अपने छोटे बच्चे के साथ न्याय की उम्मीद लेकर एसपी कार्यालय पहुंची।उसने मांग की है कि आरोपित पति, सास, ननद और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और तीन तलाक से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह नें बताया कि पीड़िता की ओर से प्राप्त शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story