Hapur Encounter: दो नाबालिगों से दुष्कर्म का आरोपी भोला उर्फ नेपाल पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

Hapur Encounter News: हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में दो नाबालिग किशोरियों से दुष्कर्म के आरोपी भोला उर्फ नेपाल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर में गोली लगी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद।

Avnish Pal
Published on: 10 July 2026 10:14 AM IST
Hapur Encounter: दो नाबालिगों से दुष्कर्म का आरोपी भोला उर्फ नेपाल पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
X

Hapur Encounter News

Hapur Encounter News: गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दो नाबालिग किशोरियों के साथ दुष्कर्म की वारदात से सनसनी फैलाने वाले आरोपी भोला उर्फ नेपाल का आखिरकार पुलिस से सामना हो गया। कई दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा आरोपी जब गढ़ कोतवाली पुलिस के शिकंजे में फंसा तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

मासूमों को काम का झांसा, जंगल में ले जाकर की दरिंदगी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी भोला उर्फ नेपाल ने दो नाबालिग किशोरियों को खेत में धान लगवाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि वह दोनों को सुनसान जंगल में ले गया और वहां उनके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।घटना के बाद जब पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस को देखते ही निकाला तमंचा

गढ़ कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक खुद को चारों तरफ से घिरा देख आरोपी ने बच निकलने के लिए तमंचा निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में चली गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

क्या बोले गढ़ कोतवाली प्रभारी

गढ़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी भोला उर्फ नेपाल की लगातार तलाश की जा रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story