Hapur News: हापुड़ में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सख्त हुई प्रशासनिक मशीनरी, डीएम ने दिए बड़े निर्देश

Hapur News: नदियों में बिना ट्रीटमेंट गंदा पानी छोड़ने पर रोक, वृक्षारोपण अभियान 2026-27 की तैयारी तेज करने और प्लास्टिक व बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।

Avnish Pal
Published on: 19 May 2026 6:46 PM IST
Hapur News: हापुड़ में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सख्त हुई प्रशासनिक मशीनरी, डीएम ने दिए बड़े निर्देश
X

Hapur News

Hapur News: जनपद में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और गंगा व अन्य नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति और जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के लक्ष्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी गौतम सिंह, जिला विकास अधिकारी अनवर शेख, जिला पंचायती राज अधिकारी शिव बिहारी शुक्ला, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, पर्यावरणविद भारत भूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वृक्षारोपण अभियान 2026-27 की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण वर्ष 2026-27 के लिए सभी विभागों को आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत भूमि चिन्हांकन और गड्ढा खुदान का कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का अभियान है।डीएम ने सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में वृक्षारोपण कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में विशिष्ट वन (स्पेशल फॉरेस्ट) की स्थापना को लेकर भी विस्तृत योजना बनाने पर जोर दिया गया।

भीषण गर्मी को देखते हुए लू से बचाव के इंतजाम अनिवार्य

बैठक में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर लू एवं हीट प्रकोप से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि केवल इंसानों ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों की सुरक्षा भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए जनपद के विभिन्न स्थानों पर नांद और हौदे बनाकर उनमें नियमित रूप से पानी भरवाने की व्यवस्था की जाए ताकि भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।

प्लास्टिक कचरे और बायोमेडिकल वेस्ट पर सख्त रुख

जिलाधिकारी ने पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत प्लास्टिक कचरे के निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।बैठक में विशेष रूप से बायोमेडिकल वेस्ट को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। डीएम ने कहा कि अस्पतालों और अन्य संस्थानों से निकलने वाले मेडिकल कचरे को किसी भी स्थिति में खुले स्थानों पर न फेंका जाए। इसके सुरक्षित निस्तारण के लिए निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।

नदियों में बिना ट्रीटमेंट नहीं जाएगा गंदा पानी

जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनपद की नदियों और जल स्रोतों में किसी भी प्रकार का प्रदूषित पानी बिना उपचार (ट्रीटमेंट) के प्रवाहित न होने दिया जाए।उन्होंने कहा कि जल प्रदूषण रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और यदि किसी क्षेत्र से बिना ट्रीटमेंट का दूषित पानी नदी में छोड़ा जाता पाया गया तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के हर नागरिक की भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। अधिक से अधिक वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी को आगे आना होगा।

हरियाली, स्वच्छता और जल संरक्षण पर प्रशासन का फोकस

जिला प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और जल संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने और तय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।जनपद हापुड़ में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और नदियों की स्वच्छता को लेकर प्रशासन की यह पहल आने वाले समय में बड़े बदलाव की आधारशिला साबित हो सकती है।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story