TRENDING TAGS :
Hapur: हापुड़ में ‘जहर वाला शहद’ फैक्ट्री का पर्दाफाश, चाइनीज सीरप से तैयार 500 केन मिलावटी शहद सीज
Hapur News: हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने चाइनीज सिरप से तैयार 500 केन मिलावटी शहद सीज किया। अगर ये बाजार में पहुंचता तो लाखों लोगों की सेहत पर खतरा बन सकता था।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ में मिलावट माफिया किस हद तक आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा है, इसका सनसनीखेज खुलासा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) की बड़ी कार्रवाई में हुआ है। विभाग की टीम ने चाइनीज सीरप से तैयार किए जा रहे मिलावटी शहद के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 30-30 किलो की 500 केन बरामद कर सीज कर दीं।यह खेप दिल्ली रोड स्थित अंछेजा की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से ट्रक में लोड होकर आंध्र प्रदेश भेजी जानी थी, जहां इसे करीब 60 लाख रुपये में खपाने की तैयारी थी। स्थानीय बाजार में इस मिलावटी शहद की कीमत 30 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
ट्रक रवाना होने से कुछ मिनट पहले मारी गई रेड, बच गई लाखों लोगों की सेहत
खाद्य सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अंछेजा स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी में शहद की एक बड़ी खेप रखी है, जो पूरी तरह नकली है। सूचना मिलते ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेंद्र सिंह और आरपी गंगवार की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक में लोडिंग से ठीक पहले कार्रवाई करते हुए पूरी खेप जब्त कर ली।यदि यह ट्रक रवाना हो जाता, तो यह मिलावटी शहद हजारों दुकानों के जरिए लाखों उपभोक्ताओं की थाली तक पहुंच जाता।
गढ़ रोड स्थित तुंगनाथ ट्रेडर्स से जुड़ा मामला, महीनों से चल रहा था खेल
जांच में सामने आया कि यह शहद गढ़ रोड पर नवीन मंडी के सामने स्थित तुंगनाथ ट्रेडर्स का है। ट्रेडर्स के मालिक अंकित गर्ग द्वारा हर महीने शहद की बड़ी-बड़ी खेप देश के अलग-अलग राज्यों में भेजी जाती थी।जब टीम ने तुंगनाथ ट्रेडर्स के गोदाम पर छापा मारा तो वहां से संदिग्ध केमिकल,सिरपशहद तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले पदार्थ बरामद हुए, जो मिलावटी शहद तैयार करने की ओर साफ इशारा करते हैं।अधिकारियों के अनुसार यह शहद एक विशेष चाइनीज सीरप से तैयार किया जा रहा था। यह सिरप मिलाने के बाद शहद बिल्कुल असली जैसा दिखता है।।रंग और गाढ़ापन प्राकृतिक लगता है।खुशबू और स्वाद भी असली शहद जैसा होता है।यही कारण है कि आम उपभोक्ता ही नहीं, व्यापारी भी आसानी से धोखा खा जाते हैं।
बिना लेबल-बैच नंबर के शहद, कानून की खुली धज्जियां
सीज की गई सभी 500 केन पर कोई लेबल नहीं,बैच नंबर नहीं,मैन्युफैक्चरिंग डेट नहीं,एक्सपायरी की जानकारी नहीं,यह फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट का गंभीर उल्लंघन है। सभी केन को सीज कर सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक चाइनीज सीरप से बने शहद का लगातार सेवन से लीवर और किडनी को नुकसान, हार्मोनल गड़बड़ी,डायबिटीज और मोटापे का खतरा,बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। यह शहद धीरे-धीरे शरीर को अंदर से खोखला कर देता है।
अधिकारी का बड़ा बयान
“हमें गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। शहद चाइनीज सीरप से तैयार किया जा रहा था। केन पर लेबल, बैच नंबर या पैकिंग संबंधी कोई जानकारी नहीं थी। सैंपल जांच को भेजे गए हैं, रिपोर्ट के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


