TRENDING TAGS :
Hapur News: फीस के लाखों रुपये गायब! कॉलेज की जांच में सामने आया बड़ा वित्तीय खेल
Hapur News : हापुड़ के निजी शिक्षण संस्थान में फीस घोटाले का खुलासा, छात्रों की लाखों रुपये की फीस निजी खातों में ट्रांसफर करने का आरोप।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ के एक प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थान में छात्रों की फीस के लाखों रुपये के कथित गबन का मामला सामने आने से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। संस्थान प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व अकाउंटेंट के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि अकाउंटेंट ने छात्रों द्वारा जमा की गई फीस को कॉलेज के अधिकृत बैंक खातों में जमा कराने के बजाय अपने और अपनी पत्नी के निजी खातों में ट्रांसफर कर दिया।
फीस जमा करने वाले छात्रों को भेजे गए बकाया नोटिस, तब खुली पोल
मामला तब सामने आया जब कॉलेज प्रशासन ने कुछ छात्रों से बकाया फीस जमा करने के लिए संपर्क किया। इस पर छात्रों ने बताया कि वे पहले ही फीस जमा कर चुके हैं। छात्रों के दावों के बाद जब कॉलेज प्रशासन ने फीस रिकॉर्ड, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेजों की जांच कराई तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।जांच में पता चला कि कई छात्रों द्वारा जमा की गई फीस कॉलेज के अधिकृत खातों में पहुंची ही नहीं। इसके बजाय यह रकम अन्य निजी खातों में जमा कराई गई थी। इसके बाद संस्थान प्रबंधन ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कराई।
पूर्व अकाउंटेंट पर पद का दुरुपयोग करने का आरोप
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार श्री गणपति एजुकेशनल सोसायटी के सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि सोसायटी के अंतर्गत संचालित संस्कार एजुकेशन ग्रुप कॉलेज में न्यू पन्नापुरी निवासी हिमांशु गोयल अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था।
आरोप है कि नौकरी के दौरान उसने छात्रों से प्राप्त फीस को सुनियोजित तरीके से अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों में जमा कराया। साथ ही कॉलेज के लेखा अभिलेखों में हेरफेर कर मामले को लंबे समय तक छिपाने का प्रयास भी किया गया।
8.79 लाख रुपये के गबन की बात स्वीकारने का दावा
संस्थान प्रबंधन का दावा है कि पूछताछ के दौरान हिमांशु गोयल ने करीब 8.79 लाख रुपये की फीस राशि के गबन की बात स्वीकार की थी। इसके बाद 18 अगस्त 2025 को उसने स्टांप पेपर पर लिखित अंडरटेकिंग देकर हर महीने अपने वेतन से 17 हजार रुपये कटवाकर राशि लौटाने की सहमति भी दी थी।कुछ समय तक उसके वेतन से कटौती भी की जाती रही, लेकिन बाद में कॉलेज प्रशासन द्वारा कराई गई विस्तृत जांच में और बड़े वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिले।
जांच में सामने आए नए खुलासे
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्रों से प्राप्त जानकारी, बैंक रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अकाउंटेंट ने लगभग चार से साढ़े चार लाख रुपये की अतिरिक्त फीस राशि भी अपने तथा अपनी पत्नी के खातों में जमा कराई थी।
इस खुलासे के बाद पूरे मामले की दोबारा शिकायत पुलिस से की गई। शिकायत के साथ बैंक लेन-देन का रिकॉर्ड, फीस जमा रसीदें, छात्रों के बयान और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे गए।
पहले भी हुई थी शिकायत, अब दर्ज हुआ मुकदमा
संस्थान प्रबंधन का आरोप है कि इस मामले की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब नए साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बोली- बैंक खातों और दस्तावेजों की हो रही जांच
थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर हिमांशु गोयल के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस बैंक खातों के लेन-देन, फीस रिकॉर्ड, छात्रों के बयान और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


