TRENDING TAGS :
Hapur News: हापुड़ में पनीर निर्माणशालाओं पर FSDA का छापा, 1300 किलो पनीर नष्ट
Hapur News: हापुड़ के टोडरपुर में FSDA की बड़ी कार्रवाई, पनीर निर्माणशालाओं पर छापेमारी के दौरान 1,300 किलो पनीर नष्ट कराया गया। दूध और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
Hapur News
Hapur News: जनपद हापुड़ में खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार देर रात सहायक आयुक्त खाद्य चंद्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ ग्राम टोडरपुर, सिंभावली स्थित पनीर निर्माणशालाओं पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीन स्थानों पर करीब 1300 किलोग्राम तैयार पनीर पाया गया, जिसे अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्माण और भंडारण के कारण नियमानुसार नष्ट कराया गया।
तीनों निर्माणशालाएं एक-दूसरे से सटी हुई बताई गई हैं। कार्रवाई के दौरान जहीर पुत्र जमील के यहां करीब 520 किलो, कादिर पुत्र मीर हसन के यहां 350 किलो और जमीर पुत्र जमील के यहां करीब 550 किलो पनीर तैयार मिला। इसके अलावा गांव में ही सरताज के प्रतिष्ठान से करीब 80 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
पनीर और दूध के नमूने जांच के लिए भेजे
FSDA की टीम ने कार्रवाई के दौरान कुल चार स्थानों से पनीर के नमूने और दो स्थानों से दूध के नमूने लिए। विभागीय जानकारी के अनुसार तीन निर्माणशालाओं से तीन पनीर और एक दूध का नमूना तथा सरताज के प्रतिष्ठान से एक पनीर और एक दूध का नमूना संग्रहित किया गया।सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। विभाग के अनुसार, किसी भी निर्माण इकाई में कोई अपमिश्रक नहीं पाया गया। हालांकि तैयार पनीर का निर्माण और भंडारण अस्वच्छ परिस्थितियों में पाया गया, जिसके चलते उसे नियमानुसार नष्ट कराया गया।
3 लाख 74 हजार 680 रुपये का पनीर नष्ट
विभाग के अनुसार पूरी कार्रवाई में करीब 1300 किलो पनीर नष्ट कराया गया। नष्ट कराए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब 3,74,680 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई खाद्य कारोबारकर्ताओं की मौजूदगी में की गई।सहायक आयुक्त खाद्य चंद्र शेखर मिश्र ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जहां तैयार पनीर अस्वच्छ परिस्थितियों में पाया गया, वहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे नष्ट कराया गया है। लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बल के साथ हुई कार्रवाई
रात्रि में हुई इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक यतेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक राहुल चौहान और हेड कांस्टेबल हरेंद्र सिंह शामिल रहे।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गंगवार, विपिन कुमार सिंह और मोहित कुमार सिंह शामिल रहे।टोडरपुर में हुई कार्रवाई के बाद अब विभाग द्वारा लिए गए पनीर और दूध के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि नमूनों में खाद्य सुरक्षा मानकों से संबंधित कोई कमी पाई गई है या नहीं। फिलहाल विभाग ने अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए करीब 1300 किलो तैयार पनीर को नष्ट कराकर बड़ी कार्रवाई की है।


