Hapur News: गन्दूनगला में चोरों का आतंक, दो घरों से लाखों की नगदी-जेवरात चोरी, गांव में दहशत

Hapur News ; हापुड़ के गन्दूनगला गांव में चोरों ने दो घरों से लाखों की नगदी और जेवरात चोरी कर दहशत फैलाई, पुलिस जांच जारी।

Avnish Pal
Published on: 17 May 2026 10:55 AM IST
Hapur News: गन्दूनगला में चोरों का आतंक, दो घरों से लाखों की नगदी-जेवरात चोरी, गांव में दहशत
X

Hapur Gandunagala theft News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गन्दूनगला में चोरों ने देर रात ऐसा तांडव मचाया कि पूरा गांव दहशत में आ गया। बेखौफ बदमाशों ने एक के बाद एक दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जब परिवारों की आंख खुली तो घरों का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। अलमारियां टूटी पड़ी थीं, कमरे अस्त-व्यस्त थे और सामान बिखरा हुआ था। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

पहले रोबिन सिंह के घर को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार चोर सबसे पहले गांव निवासी रोबिन सिंह के घर में घुसे। बताया जा रहा है कि देर रात परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान में दाखिल हो गए और सीधे उस कमरे तक पहुंच गए जहां अलमारी रखी हुई थी। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये की नगदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।इतना ही नहीं, चोरों ने पूरे घर में जमकर तलाशी ली। बेड पर कपड़े फेंक दिए गए, बैग खोल दिए गए और जरूरी दस्तावेज भी इधर-उधर बिखरे मिले। सुबह जब परिवार के लोगों ने यह हालत देखी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

दूसरे घर में भी मचाया कहर, 1.20 लाख कैश चोरी

पहली वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पास ही रहने वाले संदीप के घर पहुंच गए। यहां भी बदमाशों ने उसी तरीके से अलमारी के ताले तोड़े और करीब एक लाख बीस हजार रुपये की नगदी के साथ लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला। कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा मिला। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया है, उससे लगता है कि उन्हें घरों की पूरी जानकारी थी।

सुबह मचा हड़कंप, गांव में दहशत

सुबह चोरी की खबर फैलते ही गांव गन्दूनगला में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोग चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर नाराज नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और रात के समय पुलिस गश्त न के बराबर दिखाई देती है।घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। लोग अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कई ग्रामीणों ने कहा कि अब रात में चैन से सोना मुश्किल हो गया है। महिलाओं और बुजुर्गों में खासा भय देखने को मिल रहा है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इन्द्रकांत यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस को शक है कि वारदात में शामिल बदमाश पहले से इलाके की रेकी कर चुके थे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story