Hapur News: रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में चल रहा था गांजे का खेल, गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

Hapur News: हापुड़ में रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में गांजा तस्करी का मामला सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

Avnish Pal
Published on: 2 Nov 2026 1:11 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर कोतवाली पुलिस ने बदनौली मार्ग पर गांजे की बिक्री करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे फाटक के पास झाड़ियों की आड़ में खड़ा होकर ग्राहकों की तलाश कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 850 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों में खलबली मच गई है।

झाड़ियों की आड़ में ग्राहक तलाश रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली स्थित रेलवे फाटक के आसपास झाड़ियों की आड़ में गांजे की बिक्री की जा रही थी। आरोपी थैले में गांजा लेकर मौके पर पहुंचता था और वहां से गुजरने वाले लोगों के अलावा नशे के आदी व्यक्तियों को गांजा बेचकर मुनाफा कमाता था। रविवार रात भी आरोपी इसी इरादे से रेलवे फाटक के पास खड़ा होकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को उसके बारे में मुखबिर से सूचना मिल गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार रात उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मी संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी कर रहे थे। जब पुलिस टीम निजामपुर अंडरपास के पास पहुंची तो मुखबिर ने सूचना दी कि बदनौली मार्ग पर रेलवे फाटक के नजदीक एक व्यक्ति थैले में गांजा लेकर उसकी बिक्री कर रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कुछ दूरी पर झाड़ियों की आड़ में थैला लेकर खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति की ओर मुखबिर ने पुलिसकर्मियों का इशारा किया।

पुलिस को देखकर भागने लगा, घेराबंदी कर दबोचा

पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर आरोपी घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें से 850 ग्राम गांजा बरामद हुआ।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम शकील निवासी मोहल्ला नबी करीम बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शहर में गांजा पीने वाले लोगों को नशीला पदार्थ बेचकर मुनाफा कमाता था।

एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज, आगे की कार्रवाई शुरू

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद 850 ग्राम गांजे को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अब इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आता था और शहर में किन-किन लोगों को इसकी आपूर्ति करता था। नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story