Hapur: कचहरी की राह में मौत का घेरा! कार से टक्कर, फिर हथौड़े-सरियों से ताबड़तोड़ हमला; गौरव की मौत

Hapur News: हापुड़ में कचहरी में मुकदमे की पैरवी के लिए जा रहे गौरव त्यागी की कार से टक्कर मारने के बाद हथौड़े और सरियों से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि पांच फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

Avnish Pal
Published on: 19 Aug 2026 8:07 AM IST
Hapur: कचहरी की राह में मौत का घेरा! कार से टक्कर, फिर हथौड़े-सरियों से ताबड़तोड़ हमला; गौरव की मौत
X

Hapur News

Hapur News: हापुड़ में मंगलवार सुबह मुकदमे की पैरवी के लिए कचहरी जा रहे गौरव त्यागी की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि धनौरा मार्ग पर पहले गौरव की बाइक में कार से टक्कर मारी गई और उसके सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने हथौड़े और सरियों से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौरव की उपचार के दौरान मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि पांच फरार आरोपियों पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।

पहले बाइक में टक्कर, फिर हथियार लेकर दौड़े हमलावर

बाबूगढ़ क्षेत्र के मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी फतेह सिंह के मुताबिक उनका इकलौता बेटा गौरव त्यागी मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मोटरसाइकिल से हापुड़ कचहरी में मुकदमे की पैरवी के लिए निकला था।आरोप है कि धनौरा में दिनेश विद्यापीठ स्कूल के पास गांव के ही अमित, प्रदीप, कुलदीप, जसवंत और अनुज उर्फ गोल्डी वैगनआर कार से पहुंचे। आरोपियों ने गौरव की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। गौरव के सड़क पर गिरते ही अमित और प्रदीप हथौड़े लेकर तथा अन्य आरोपी सरिए लेकर उसकी तरफ दौड़े।तहरीर में आरोप है कि इसके बाद सभी ने गौरव पर हमला कर दिया। गौरव जान बचाने के लिए मदद के लिए चिल्लाता रहा। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

गंभीर हालत में मेरठ रेफर, एक्सरे के दौरान मौत

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गौरव को देवनंदनी अस्पताल हापुड़ पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ के सिल्वर क्रॉस अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार अस्पताल में एक्सरे कराते समय गौरव ने दम तोड़ दिया।एक बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में भी तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

पुरानी रंजिश का भी सामने आया एंगल

मृतक के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों से उनका पुराना विवाद चल रहा है और दीवानी व फौजदारी अदालतों में मुकदमे भी विचाराधीन हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजवीर भौड़िया और जयपाल ने पहले गौरव को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।पिता ने यह भी बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब इन सभी बिंदुओं को जांच में शामिल कर रही है।

शव पहुंचते ही ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

गौरव का शव गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने, फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उन्हें गांव से बाहर भेजने की मांग उठाई।मौके पर पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया। सीओ सिटी अनीता चौहान ने भरोसा दिलाया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार दो आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है। वहीं पांच फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story