Hapur News: हापुड़ हाईवे पर भीषण हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत; तीसरा गंभीर घायल

Hapur News: हापुड़ में हाईवे-9 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल है। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी।

Avnish Pal
Published on: 8 Sept 2026 10:31 PM IST
Hapur News: हापुड़ हाईवे पर भीषण हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत; तीसरा गंभीर घायल
X

Hapur News 

Hapur News : थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे -9 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गौरी रिसॉर्ट के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक बाइक पर सवार थे तीन युवक

पुलिस के मुताबिक, थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव बड़ौदा सिहानी निवासी तीन युवक मोटरसाइकिल संख्या UP37AB7108 पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में गौरी रिसॉर्ट के सामने ऊपर फ़लाई ओवर पर दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर पहुंची, इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी हापुड़ भेजा गया।

मौके पर ही एक युवक की मौत

हादसे में यासीन पुत्र हसरत, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी गांव बड़ौदा सिहानी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथी खुशी पुत्र रियासत, उम्र करीब 23 वर्ष और जीशान पुत्र महबूब, उम्र करीब 18 वर्ष घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान खुशी की भी मौत हो गई। वहीं तीसरे घायल जीशान का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत को लेकर चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है।

दो मौतों की खबर से गांव में मचा कोहराम

एक ही गांव के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत से गांव में भी शोक की स्थिति है।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में जुटी है। पुलिस द्वारा हादसे के आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यकता के अनुसार हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे फरार वाहन का पता लगाया जा सके।

थाना प्रभारी पारस मलिक ने क्या कहा?

थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि गौरी रिसॉर्ट के सामने हाईवे पर बाइक सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में यासीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल में उपचार के दौरान खुशी की मौत हो गई। तीसरे युवक जीशान का उपचार चल रहा है। दोनों मृतकों के शवों के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story