TRENDING TAGS :
Hapur News: इलाज कराने के बहाने डॉक्टर के पास पहुंचा शातिर चोर, खुला चार दिन पुरानी चोरी का राज!
Hapur News: हापुड़ के गढ़ रोड स्थित सीएचसी में इलाज कराने पहुंचे युवक पर डॉक्टर को शक हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान चार दिन पहले सीटी स्कैन कक्ष में चोरी के इरादे से घुसे संदिग्ध के रूप में हुई।
Hapur News
Hapur News: "साहब, कई दिन से मानसिक रूप से परेशान चल रहा हूं... मेरा उपचार कर दीजिए।" गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डॉक्टर के सामने एक युवक ने कुछ इसी अंदाज में अपनी परेशानी बताई। पहली नजर में मामला उपचार कराने आए मरीज का लगा, लेकिन डॉक्टर को युवक की गतिविधियों पर शक हुआ तो उसे रोक लिया गया। अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा और पूछताछ शुरू हुई तो जो राज सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। युवक कोई मरीज नहीं, बल्कि चार दिन पहले अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में चोरी के इरादे से घुसने वाला संदिग्ध निकला। उसकी पहचान कोटला सादात निवासी राशिद के रूप में हुई है।
चार दिन पहले जाली काटकर सीटी स्कैन कक्ष में घुसा था
अस्पताल के फार्मासिस्ट अनुज त्यागी के मुताबिक, चार दिन पहले सुबह अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष की छत क्षतिग्रस्त होने और मशीन के तार टूटे होने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पता चला कि किसी ने पीछे की तरफ लगी जाली काटकर कक्ष में प्रवेश किया था। घटना के बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया था। उसकी तस्वीरें गढ़ रोड के आसपास के लोगों और पुलिस को भी उपलब्ध कराई गई थीं।
चोरी करने पहुंचा, पीवीसी पैनल टूटने से नीचे गिरा
फार्मासिस्ट के अनुसार, पूछताछ में राशिद ने बताया कि वह सीटी स्कैन कक्ष में चोरी करने के इरादे से घुसा था। इसी दौरान वह पीवीसी पैनल पर चढ़ गया, लेकिन पैनल टूटने से वह नीचे गिर पड़ा और बेहोश हो गया। आरोपी का दावा है कि करीब तीन घंटे बाद उसे होश आया, जिसके बाद वह उसी रास्ते से बाहर निकल गया। हालांकि, इस दौरान सीटी स्कैन मशीन के तार टूटने से अस्पताल की व्यवस्था भी प्रभावित हुई।बताया गया कि राशिद बुधवार को एक बार फिर अस्पताल पहुंचा। इस बार उसने मानसिक रूप से परेशान होने की बात कहकर डॉक्टर से उपचार कराने की इच्छा जताई। डॉक्टर को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उसे रोक लिया गया। सूचना मिलने पर अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट नीरज मलिक, फार्मासिस्ट अनुज त्यागी समेत अन्य स्टाफ मौके पर पहुंच गया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान चार दिन पहले हुई चोरी की घटना के संदिग्ध के रूप में हुई।
पुलिस को जानकारी नहीं, कार्रवाई पर सवाल
मामले में थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि उन्हें इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो उसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


