Hapur News: शराब पीने से मना किया तो पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, पति फरार

Hapur News: हापुड़ के लज्जापुरी में शराब पीने से मना करने पर पति द्वारा पत्नी पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा है। घायल महिला ने पति और उसके भाइयों से जान का खतरा जताया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Avnish Pal
Published on: 22 Oct 2026 7:00 PM IST
Hapur News: शराब पीने से मना किया तो पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, पति फरार
X

Hapur News

Hapur News: हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के लज्जापुरी में शराब पीने से मना करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब पीने की आदत का विरोध करने पर गुस्साए पति ने पहले पत्नी के साथ गाली-गलौज की और फिर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से पीड़िता दहशत में है। महिला ने अपने पति और उसके भाइयों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली हापुड़ नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शराब पीने की आदत का विरोध करने पर भड़का पति

लज्जापुरी की गली नंबर तीन निवासी सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति दीपक शराब पीने का आदी है। आरोप है कि शराब के नशे में वह आए दिन घर में विवाद करता है, जिससे परिवार में अशांति का माहौल बना रहता है। सोनी के अनुसार, वह पति की शराब पीने की आदत से परेशान थी और इसी कारण उसे शराब पीने से मना करती थी।पीड़िता ने बताया कि 18 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे उसने दीपक को शराब पीने से रोका। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज हो गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि जब सोनी ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और दीपक ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में सोनी घायल हो गई।

हमले के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी

आरोप है कि पत्नी पर हमला करने के बाद दीपक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता भयभीत हो गई। महिला का कहना है कि पति के इस व्यवहार के चलते उसे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद से दीपक और उसके भाई उसे धमका रहे हैं। इससे उसे भविष्य में भी किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उसे सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज

कोतवाली हापुड़ नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story