TRENDING TAGS :
हापुड़: कार्तिक पूर्णिमा मेले में दिखेगी भव्यता, सदर बाजार द्वार पर सजेगी भगवान मुक्तेश्वर की मूर्ति
Hapur News: हापुड़ के ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले में सदर बाजार के मुख्य द्वार पर भगवान मुक्तेश्वर की भव्य मूर्ति स्थापित होगी, डीएम ने परखीं तैयारियां।
Hapur News: ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा गढ़ गंगा मेले को भव्य, दिव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सदर बाजार के मुख्य द्वार पर विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा। यहां भगवान मुक्तेश्वर की भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही आकर्षक साज-सज्जा, शानदार लाइटिंग और भव्य स्वागत द्वार मेले की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगे।
मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कविता मीना और मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भगवान मुक्तेश्वर की मूर्ति बनेगी मेले की खास पहचान
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सदर बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार को मेले का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि यहां भगवान मुक्तेश्वर की मूर्ति की स्थापना भव्य और आकर्षक तरीके से कराई जाए। मूर्ति स्थल को सुंदर सजावट और भव्य लाइटिंग से इस तरह तैयार किया जाए कि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण का एहसास हो।उन्होंने कहा कि सदर बाजार का मुख्य द्वार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत का प्रमुख केंद्र होगा। इसलिए इसकी सजावट और निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ आकर्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाए। रोशनी और सजावट से जगमगाएगा प्रवेश द्वारडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य द्वार के आसपास विशेष साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन मार्ग सुनिश्चित किया जाए। मूर्ति स्थल पर ऐसी व्यवस्थाएं हों, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान मुक्तेश्वर के दर्शन कर सकें।
भीड़ नियंत्रण से लेकर सुरक्षा तक रहेगी विशेष निगरानी
कार्तिक पूर्णिमा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीरता दिखाई। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को समय से पूरा करें, ताकि ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला इस बार भव्यता, सुंदरता और बेहतर इंतजामों के लिए अपनी अलग पहचान बना सके।


