Hapur News: हापुड़ में मकान पर गिरी आसमानी बिजली, जोरदार धमाके से दहला घर; बाल-बाल बची युवती

Hapur News: हापुड़ के मोहल्ला चाह कमाल में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और दीवारों में दरारें पड़ गईं।

Avnish Pal
Published on: 30 Oct 2026 10:49 AM IST
Hapur News: हापुड़ में मकान पर गिरी आसमानी बिजली, जोरदार धमाके से दहला घर; बाल-बाल बची युवती
X
Hapur News

Hapur News: कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला चाह कमाल में आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान को भारी नुकसान पहुंचा। बिजली गिरने से हुए तेज धमाके के कारण मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं। हादसे के दौरान कमरे में मौजूद युवती बाल-बाल बच गई। वहीं, बिजली के प्रभाव से घर की वायरिंग और लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।पीड़ित आशीष गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्य घर में अपने रोजमर्रा के कामों में लगे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ उनके मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई।

धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान हिल गया। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई।आशीष के मुताबिक, हादसे के समय उनकी बहन उसी कमरे में मौजूद थी, जिसकी छत पर बिजली गिरी थी। युवती ने बताया कि अचानक तेज सफेद रोशनी दिखाई दी और जोरदार धमाके के साथ पूरा कमरा हिलने लगा। कुछ पल के लिए उसे कुछ समझ नहीं आया। हालांकि, वह इस भयावह हादसे में सुरक्षित बच गई।

वायरिंग फुंकी, लाखों का सामान हुआ खराब

आकाशीय बिजली गिरने से मकान की छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दीवारों में कई जगह दरारें आ गईं। बिजली के प्रभाव से मकान की आंतरिक वायरिंग भी जल गई। इसके चलते घर में रखे टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर, पंखे, इन्वर्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि हादसे में उन्हें कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

डीएम से लगाई आर्थिक सहायता की गुहार

घटना की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। अचानक हुए इस नुकसान से परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। पीड़ित आशीष गुप्ता ने जिलाधिकारी कविता मीना को प्रार्थना पत्र देकर मकान और घरेलू सामान को हुए नुकसान का प्रशासनिक स्तर पर आकलन कराने की मांग की है। उन्होंने आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की भी गुहार लगाई है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story