TRENDING TAGS :
Hapur News: प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत: डेढ़ साल बाद पति ने की पत्नी की हत्या, दो माह का मासूम अनाथ
Hapur News: हापुड़ के पिलखुवा में प्रेम विवाह करने वाली 28 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। शादी को डेढ़ साल हुए थे और दंपती का दो माह का बेटा है।
Hapur News
Hapur News: जनपद के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। प्रेम प्रसंग के बाद परिवार के खिलाफ जाकर मंदिर में शादी करने वाले एक दंपती की जिंदगी का अंत बेहद दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। शादी के महज डेढ़ साल बाद पति पर अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।मामला पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र की अपना आश्रम कॉलोनी (रामपुरा पवला रोड) का है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात घर के अंदर 28 वर्षीय सीमा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
डेढ़ साल पहले की थी प्रेम विवाह
बताया गया है कि मृतका सीमा मूल रूप से मोदीनगर की रहने वाली थी। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसने अमन नामक युवक से प्रेम प्रसंग के बाद मंदिर में विवाह किया था। अमन पेशे से बिजली मैकेनिक है। दोनों ने परिवार की तमाम बाधाओं को पार कर प्रेम विवाह किया था और अपना नया जीवन शुरू किया था।शादी के बाद दोनों पिलखुवा क्षेत्र में रह रहे थे। इस दंपती का दो माह का एक मासूम बेटा भी है, जो अब अपनी मां के स्नेह से हमेशा के लिए वंचित हो गया है। घटना के बाद मासूम बच्चे को देखकर हर किसी की आंखें नम हो रही हैं।
घरेलू कलह बनी मौत की वजह!
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। आए दिन होने वाले झगड़ों के कारण दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ता जा रहा था। आरोप है कि सोमवार रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पति ने सीमा की चुनरी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।मंगलवार सुबह जब घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। मृतका के परिवार ने सीधे पति अमन पर हत्या का आरोप लगाया। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार में मचा कोहराम
मृतका सीमा अपने पीछे पिता मोनी, माता रितिका, बहन शालू और स्वाति समेत पूरे परिवार को छोड़ गई है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि प्रेम विवाह का अंत इस तरह होगा।घटना की सूचना मिलते ही पिलखुवा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी पति अमन को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।
क्या बोली पुलिस?
पिलखुवा क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनीता चौहान ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ में उसने अपनी पत्नी की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


