Hapur News: फार्म हाउस में महकार सिंह पर हमला, मेरठ में इलाज के दौरान मौत

Hapur News: हापुड़ के शाहपुर चौधरी में पुरानी रंजिश को लेकर महकार सिंह पर फार्म हाउस में हमला, मेरठ में इलाज के दौरान मौत, हत्या की धाराओं में कार्रवाई की तैयारी।

Avnish Pal
Published on: 29 Aug 2026 12:23 PM IST
Hapur News: फार्म हाउस में महकार सिंह पर हमला, मेरठ में इलाज के दौरान मौत
X

Hapur Mahkar Singh Murder Case

Hapur News :-गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के शाहपुर चौधरी गांव में पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति पर किए गए जानलेवा हमले ने सनसनी फैला दी। कन्यापुर रोड स्थित पोल्ट्री फार्म के पास एक फार्म हाउस के कमरे में आराम कर रहे करीब 52 वर्षीय महकार सिंह पर कथित तौर पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल महकार सिंह को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।महकार सिंह गाजियाबाद में एक अधिवक्ता के पास मुंशी के रूप में कार्य करते थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्वजन का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उन्हें जान से मारने की नीयत से निशाना बनाया गया।

रात में फार्म हाउस के कमरे में घुसे हमलावर

शाहपुर चौधरी निवासी जतिन ने गढ़मुक्तेश्वर थाने में दी तहरीर में बताया कि 28 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच उसके पिता महकार सिंह कन्यापुर रोड स्थित पोल्ट्री फार्म के पास एक फार्म हाउस के कमरे में आराम कर रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान गांव के मुकेश पुत्र मदन, अमित पुत्र हरपाल, बोबी पुत्र जगवीर, जगवीर उर्फ जगलिया और कुछ अन्य अज्ञात लोग डंडे और धारदार हथियार लेकर कमरे में घुस आए। आरोपितों ने महकार सिंह के साथ गाली-गलौज की और इसके बाद उन पर हमला कर दिया।तहरीर के अनुसार, हमले में महकार सिंह के सिर, हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और फ्रैक्चर भी हुआ।आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें कमरे से बाहर खींचकर भी पीटा।

खाना लेकर पहुंचे बेटों के सामने हुआ हमला

जतिन के मुताबिक, वह अपने भाई जितेंद्र के साथ पिता के लिए खाना लेकर फार्म हाउस पहुंचा था। वहां पहुंचते ही उसने अपने पिता को आरोपितों से घिरा देखा। पिता को बचाने के लिए उसने शोर मचाया।शोर सुनकर फार्म हाउस के आसपास रहने वाले साजिद, मुन्ना और धर्मेंद्र समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपित वहां से चले गए। स्वजन का आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने धमकी भी दी।जतिन का आरोप है कि उसके पिता द्वारा आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की रंजिश में यह हमला किया गया।

गंभीर हालत में मेरठ किया गया था रेफर

हमले के बाद महकार सिंह को गंभीर हालत में उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालत चिंताजनक होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।महकार सिंह की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लोगों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मौत के बाद बदल गया पूरे मामले का रुख

महकार सिंह की उपचार के दौरान मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। पुलिस हमले की वजह, आरोपितों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि घायल महकार सिंह की उपचार के दौरान मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story