हापुड़ में प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने गोशाला का किया निरीक्षण, छोटे बछड़ों के लिए बनेगा अलग शेड

Hapur News: हापुड़ के उपैड़ा स्थित अस्थायी गो आश्रय स्थल का प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें गोशाला में 59 गोवंश संरक्षित मिले। मंत्री ने गोपूजन कर चारा, पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

Avnish Pal
Published on: 28 Nov 2026 5:23 PM IST
हापुड़ में प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने गोशाला का किया निरीक्षण, छोटे बछड़ों के लिए बनेगा अलग शेड
X

Hapur News

Hapur News: जिले में गोवंशों के संरक्षण और गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने उपैड़ा स्थित अस्थायी गो आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। गोशाला पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले गोवंशों की स्थिति और उनके लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल में कुल 59 गोवंश संरक्षित मिले। मंत्री ने गोवंशों की देखभाल, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नितिन गौतम ने मंत्री को बताया कि गो आश्रय स्थल में संरक्षित गोवंशों में से 32 को सहभागिता योजना के अंतर्गत सुपुर्द किया जा चुका है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सभी गोवंशों की शत-प्रतिशत टैगिंग और टीकाकरण कराया जा चुका है। इससे गोवंशों की पहचान और उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।

गोपूजन कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने गोशाला में विधिवत गोपूजन किया। उन्होंने गोवंशों को दुलार कर उनके संरक्षण और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से चारे, पानी, साफ-सफाई और गोवंशों के रखरखाव के संबंध में भी जानकारी ली। मंत्री ने स्पष्ट किया कि गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी देखभाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

छोटे बछड़ों के लिए बनेगा अतिरिक्त शेड

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छोटे बछड़ों की देखभाल को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे बछड़ों को सुरक्षित रखने और उनकी बेहतर देखभाल के लिए गोशाला परिसर में एक अतिरिक्त शेड का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही परिसर में बनी नालियों को ढकने के निर्देश भी दिए, ताकि गोवंशों को किसी तरह की चोट या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों से निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन सुनिश्चित कराने को कहा।

अधिकारियों को बेहतर संरक्षण व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

मंत्री ने कहा कि गोवंश संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। गो आश्रय स्थलों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नियमित निगरानी भी जरूरी है। अधिकारियों को चाहिए कि वे गोवंशों के स्वास्थ्य, साफ-सफाई और सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान दें।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओपी मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story