Hapur News: तीर्थ यात्रा से लौटते समय दर्दनाक हादसा, युवक का घुटने के ऊपर से काटना पड़ा पैर

Hapur News: हापुड़ में तीर्थ यात्रा से लौटते समय एक दर्दनाक हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक का पैर घुटने के ऊपर से काटना पड़ा, स्थिति नाजुक बनी हुई है।

Avnish Pal
Published on: 29 May 2026 12:14 PM IST
Hapur News
X

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ तीर्थ यात्रा पर निकले एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार अब भी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों को उसकी जान बचाने के लिए घुटने के ऊपर से पैर काटना पड़ा। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। वहीं पुलिस ने अब आरोपित वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुरुक्षेत्र और वैष्णो देवी जा रही थी बस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव नगला पिपरानी निवासी श्याम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि, 24 मई को उसका भाई रामसरन गांव के अन्य लोगों के साथ बस में सवार होकर तीर्थ यात्रा पर निकला था। यात्रियों को लेकर बस कुरुक्षेत्र, वैष्णो देवी समेत कई धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने जा रही थी। परिवार और गांव के लोगों में यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल जाएगी।

रात तीन बजे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि, 24 मई की रात करीब तीन बजे बस हाफिजपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे रोकी गई थी। यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के पीछे खड़े रामसरन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

पहले हापुड़, फिर दिल्ली किया गया रेफर

वहीं इस घटना के तुरंत बाद घायल रामसरन को उपचार के लिए जिला अस्पताल हापुड़ पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक हादसे में युवक के पैर में गंभीर चोट आई थी। संक्रमण और अत्यधिक क्षति के कारण चिकित्सकों को ऑपरेशन कर घुटने के ऊपर से पैर काटना पड़ा। फिलहाल रामसरन का इलाज जारी है और उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

वहीं इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट गया है। स्वजन का कहना है कि रामसरन परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे और मेहनत मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। अब हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक और मानसिक संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है। तीर्थ यात्रा पर गए लोगों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपित वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपित के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story