Hapur News: रिफाइंड और दही से बन रही नकली क्रीम पकड़ी, 150 किलो माल नष्ट

Hapur News: हापुड़ में बनखंडा डेयरी पर छापेमारी में रिफाइंड और दही से बनी नकली क्रीम का खुलासा, 150 किलो मिलावटी क्रीम नष्ट की गई।

Avnish Pal
Published on: 28 Jun 2026 12:28 PM IST
Hapur News: रिफाइंड और दही से बन रही नकली क्रीम पकड़ी, 150 किलो माल नष्ट
X

Hapur News: उत्तर प्रदेश एक हापुड़ जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव बनखंडा स्थित एक डेयरी पर छापा मारा। जांच के दौरान डेयरी में रिफाइंड और दही मिलाकर क्रीम तैयार किए जाने का खुलासा हुआ। टीम ने मौके से करीब 150 किलोग्राम मिलावटी क्रीम बरामद कर नष्ट करा दी, जबकि चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जिलाधिकारी को शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी को मिली शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने गांव बनखंडा में संचालित भारत डेयरी पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में दो अलग-अलग स्थानों पर क्रीम तैयार होती मिली। जांच के दौरान अधिकारियों को एक बड़े बर्तन में रिफाइंड तेल और दही मिला हुआ मिला, जिससे क्रीम तैयार की जा रही थी।पूछताछ में डेयरी संचालक किशन लाल ने स्वीकार किया कि वह दूध से बनने वाली क्रीम के साथ-साथ रिफाइंड और दही मिलाकर भी क्रीम तैयार करता है। इस खुलासे के बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी खेप को जब्त कर लिया।

मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट की गई मिलावटी क्रीम

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लगभग 150 किलो नकली और मिलावटी क्रीम को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया। अधिकारियों का कहना है कि यदि यह क्रीम बाजार में पहुंच जाती तो बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो सकता था।टीम ने डेयरी से दो क्रीम, एक दही और एक रिफाइंड तेल का नमूना संग्रहित कर परीक्षण के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है ऐसी क्रीम

विशेषज्ञों के अनुसार दूध से बनने वाली प्राकृतिक क्रीम की जगह रिफाइंड और अन्य कृत्रिम पदार्थों से तैयार की गई क्रीम शरीर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। इसके सेवन से पेट दर्द, उल्टी, दस्त, संक्रमण, पाचन तंत्र की गड़बड़ी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों पर इसका प्रभाव और अधिक गंभीर हो सकता है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बनखंडा और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी मिलावटी क्रीम बनाने और बेचने के मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद कुछ लोग अधिक मुनाफे के लालच में उपभोक्ताओं की सेहत को खतरे में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं।

मिलावटखोरों पर जारी रहेगा शिकंजा

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को खाद्य पदार्थों में मिलावट करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ जुर्माना, लाइसेंस निरस्तीकरण और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी डेयरी, मिठाई की दुकान या खाद्य प्रतिष्ठान पर मिलावट की आशंका हो तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। लोगों की सतर्कता से ही मिलावट के इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story