Hapur News: घर में घुसकर किसान की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नवादा रोड रेलवे फाटक से दबोचा

Hapur News: हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में घर में घुसकर किसान भीम सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी ओमपाल को गिरफ्तार किया है। हत्याकांड में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

Avnish Pal
Published on: 14 Aug 2026 6:55 PM IST
Hapur News: घर में घुसकर किसान की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नवादा रोड रेलवे फाटक से दबोचा
X

Hapur News

Hapur News: थाना सिंभावली के गांव अकबरपुर बुकलाना में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर किसान और उसके परिजनों पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आरोपी ओमपाल को नवादा रोड रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

22 जुलाई को घर में घुसकर किया था हमला

अकबरपुर बुकलाना गांव में 22 जुलाई को पुरानी रंजिश को लेकर विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। पीड़ित परिवार का आरोप था कि पड़ोसी परिवार के नेमपाल, ब्रह्मपाल समेत अन्य लोग उनके घर में घुस आए और परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। हमले में किसान भीम सिंह, उनके बेटे सागर समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए थे।घटना के बाद गंभीर रूप से घायल भीम सिंह को उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। 31 जुलाई को उपचार के दौरान भीम सिंह की मौत हो गई। किसान की मौत के बाद मामले ने हत्या का रूप ले लिया और परिवार में कोहराम मच गया।

शव गांव में रखकर किया था प्रदर्शन

भीम सिंह की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। परिवार के लोगों ने शव को गांव में रखकर करीब चार घंटे तक हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से सभी नामजद और घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की थी। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ था।

पांच आरोपी गिरफ्तार

सीओ राहुल यादव ने बताया कि हत्याकांड में शामिल अकबरपुर बुकलाना निवासी ओमपाल को पुलिस टीम ने नवादा रोड रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है।उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस इससे पहले नेमपाल, ब्रह्मपाल, सतेंद्र और सोवीर को गिरफ्तार कर चुकी है। इस प्रकार अब तक मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस टीम घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

रंजिश में हुई वारदात, पुलिस की जांच जारी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।किसान भीम सिंह की मौत के बाद परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। अब एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

HapurAvnishPal@newstracksite.vocalwire.com
Next Story