Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर में मंदिर की सीढ़ियों पर शराब पीने से रोकना पड़ा भारी, पुजारी से मारपीट

Hapur News: हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित प्राचीन श्री गंगा मंदिर में शराब पीने से रोकने पर युवकों ने पुजारी से मारपीट कर दी। घटना का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

Avnish Pal
Published on: 17 Jun 2026 7:28 PM IST
Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर में मंदिर की सीढ़ियों पर शराब पीने से रोकना पड़ा भारी, पुजारी से मारपीट
X

Hapur News

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के तीर्थ नगरी गढ़मुक्तेश्वर स्थित प्राचीन श्री गंगा मंदिर में मंदिर की मर्यादा बनाए रखने की कोशिश पुजारी को भारी पड़ गई। मंदिर परिसर में शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे कुछ युवकों ने विरोध करने पर पुजारी के साथ मारपीट कर दी। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है और सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं, व्यापारियों और धार्मिक संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई है।

मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर शराब पी रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर के प्राचीन श्री गंगा मंदिर में कुछ युवक शराब के नशे में मंदिर परिसर के आसपास पहुंचे और मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर शराब पीने लगे। आरोप है कि उन्होंने वहां हंगामा और अभद्र व्यवहार भी किया।मंदिर के पुजारी उदित नारायण तिवारी ने जब युवकों को मंदिर परिसर की पवित्रता का हवाला देते हुए वहां शराब पीने और हुड़दंग करने से रोका तो आरोपी भड़क गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और युवकों ने पुजारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वायरल हो रहे फुटेज में कुछ युवक पुजारी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं।

श्रद्धालुओं में रोष, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं का कहना है कि गंगा नगरी गढ़मुक्तेश्वर की पहचान धार्मिक आस्था से जुड़ी हुई है और ऐसे पवित्र स्थल पर असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीना और पुजारी के साथ मारपीट करना बेहद निंदनीय है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थलों की गरिमा भंग करने का साहस न कर सके।

पुजारी उदित नारायण तिवारी ने सुनाई आपबीती

मंदिर के पुजारी उदित नारायण तिवारी ने बताया कि मंदिर परिसर में कुछ युवक शराब पी रहे थे और माहौल खराब कर रहे थे। उन्हें समझाने और वहां से जाने के लिए कहने पर उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जुटी जांच में, CCTV फुटेज के आधार पर होगी पहचान

गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि मंदिर परिसर में पुजारी के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

धार्मिक स्थल की सुरक्षा पर उठे सवाल

गढ़मुक्तेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story