TRENDING TAGS :
Hapur News : 5 लाख रुपये मांगने पर युवक को धमकी, जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, मुकदमा दर्ज
Hapur News : हापुड़ में रुपये लौटाने की मांग पर विवाद, पीड़ित ने दो कारोबारियों पर धमकी और जातिसूचक अपमान का आरोप लगाया।
Hapur News :-जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में पांच लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। व्यापार के लिए दिए गए रुपये वापस मांगने पर एक युवक को न केवल धमकियां दी गईं, बल्कि उसके साथ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अभद्रता भी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्नीचर कारोबार के लिए दिए थे पांच लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अतरपुरा निवासी अरुण बैनीवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चचेरे भाई ने फर्नीचर कारोबार के विस्तार के उद्देश्य से 1 अप्रैल 2023 को मेरठ गेट क्षेत्र स्थित दयाल फर्नीचर के संचालक आकाश गर्ग और पवन गर्ग को पांच लाख रुपये दिए थे।पीड़ित का आरोप है कि रकम देने के समय दोनों पक्षों के बीच लिखित स्टांप तैयार किया गया था, जिसमें तय अवधि के भीतर रुपये वापस करने की बात दर्ज थी। लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी आरोपियों ने रुपये वापस नहीं किए।
रुपये मांगने पहुंचा तो भड़क गए आरोपी
शिकायत के मुताबिक, 6 मई 2026 को पीड़ित का चचेरा भाई अपने रुपये वापस मांगने के लिए अरुण बैनीवाल के साथ आरोपियों की दुकान पर पहुंचा। जैसे ही उन्होंने अपने पैसे वापस करने की बात कही, दोनों आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गए और विवाद शुरू हो गया।पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। प्रत्यक्षदर्शी ने देखी पूरी घटना
अरुण बैनीवाल का कहना है कि घटना के समय पटेल नगर निवासी मनोज अग्रवाल भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को अपनी आंखों से देखा। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने क्षेत्राधिकारी सिटी और नगर कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित पवन गर्ग और आकाश गर्ग के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


