Hapur: शिवानी हत्याकांड का खुलासा, शादी के दबाव से परेशान नाबालिग प्रेमी ने ईंट से कुचलकर की हत्या

Hapur News: हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र में बीए छात्रा शिवानी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शादी के दबाव से परेशान नाबालिग प्रेमी ने ईंट से हमला कर हत्या की थी।

Avnish Pal
Published on: 17 Jun 2026 7:58 PM IST
Hapur:  शिवानी हत्याकांड का खुलासा, शादी के दबाव से परेशान नाबालिग प्रेमी ने ईंट से कुचलकर की हत्या
X

Hapur News

Hapur News: जनपद के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में सामने आए चर्चित शिवानी हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बाल अपचारी (नाबालिग प्रेमी) को गिरफ्तार कर लिया है। बीए की छात्रा शिवानी की निर्मम हत्या ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था। पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। प्रेम संबंध में चल रहे विवाद और शादी के दबाव से परेशान होकर नाबालिग प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की ईंटों से सिर कुचलकर हत्या कर दी।

जंगल में युवती का शव मिलने से मचा था हड़कंप

सोमवार को हाफिजपुर थाना क्षेत्र के उबारपुर गांव के जंगल में ग्रामीणों ने एक युवती का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवती के सिर पर भारी वस्तु से कई वार किए गए थे और हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी।फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी शिवानी

जांच के दौरान मृतका की पहचान बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भदस्याना निवासी शिवानी के रूप में हुई। शिवानी बीए की छात्रा थी और सोमवार सुबह अपने परिजनों से बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए थे, लेकिन इससे पहले कि वे कोई ठोस कदम उठा पाते, उसकी हत्या की खबर सामने आ गई।शिवानी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना से खुली हत्या की गुत्थी

हत्याकांड के खुलासे के लिए हाफिजपुर पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम सादिकपुर के आगे सलाई कट के पास घेराबंदी कर आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूरा घटनाक्रम पुलिस के सामने स्वीकार कर लिया।

शादी की जिद बनी मौत की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका शिवानी के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और मुलाकातें भी होती थीं।आरोपी के अनुसार शिवानी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि वह इसके लिए तैयार नहीं था।सोमवार को शिवानी घर से निकलकर उबारपुर जंगल में उससे मिलने पहुंची थी। वहां दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अपना आपा खो बैठा।

गुस्से में उठाई ईंट, फिर कर दिया खौफनाक कत्ल

पुलिस के अनुसार बहस के दौरान आरोपी ने पास में पड़ी ईंट उठाकर शिवानी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से शिवानी जमीन पर गिर गई।आरोपी ने उसके सिर पर कई बार प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया और पहचान छिपाने के लिए मृतका का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया। हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद कर लिया।

कुछ घंटों में पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी

इस हत्याकांड को पुलिस के लिए शुरुआत में ब्लाइंड मर्डर माना जा रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और त्वरित जांच के दम पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंचकर मामले का खुलासा कर दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बाल अपचारी को विधिक प्रक्रिया के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story